Loading...

विजिलेंस ने घर से पकड़े सरकारी सीमेंट के 22 बैग, 2 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

Ankita • 16 Mar 2024 • 1 Min Read

HNN/ ऊना

जिला ऊना में उपमंडल गगरेट के अंबोटा गांव में विजिलेंस ने एक घर में रखे सरकारी सीमेंट के 22 बैग पकड़े है। विजिलेंस की टीम ने घर से सरकारी सीमेंट के 3 जले हुए खाली बैग भी बरामद किए हैं। इस संबंध में विजिलेंस ने 2 लोगों को नामजद कर मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, विजिलेंस को गुप्त सूचना मिली थी कि अंबोटा गांव में एक घर में सरकारी सीमेंट के बैग छुपाकर रखे हैं। इस सूचना के आधार पर विजिलेंस की टीम ने अंबोटा गांव में उक्त घर में दबिश दी तो वहां पर निर्माण कार्य चला हुआ था। इस दौरान टीम ने जब मकान के स्टोर में जांच की तो वहां छुपाकर रखे गए सरकारी सीमेंट के 22 बैग बरामद हुए जबकि 3 खाली बैग जले हुए मिले।

घर के मालिक से पूछताछ के दौरान पता चला कि उसने ये सीमेंट के बैग एक सरकारी ठेकेदार से लिए थे, जिस पर विजिलेंस की टीम ने उक्त ठेकेदार को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की। विजिलेंस ऊना कार्यालय में तैनात डीएसपी कुलविंदर सिंह ने मामले की पुष्टि की है।