विजिलेंस ने धामी सर्कल का कानूनगो 37 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए किया गिरफ्तार
HNN/ शिमला
विजिलेंस ने धामी सर्कल के कानूनगो को 37 हजार की रिश्वत के साथ गिरफ्तार किया है। अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा-7 के अंतर्गत विजिलैंस के शिमला स्थित थाने में मामला दर्ज किया है। जानकारी के मुताबिक, रिश्वत के आरोप में गिरफ्तार कानूनगो हरीश कुमार शर्मा 13 हजार रुपए की राशि शिकायतकर्त्ता से गूगल पे के माध्यम से पहले ही ले चुका था।
बता दें कि बीते दिनों रमेश चंद ने विजिलेंस को शिकायत दी कि उक्त कानूनगो इंतकाल से जुड़े दस्तावेज जारी करने की आड़ में 50 हजार रुपए रिश्वत की मांग कर रहा है। सूचना के अनुसार शिकायतकर्त्ता रमेश चंद ने अपने 2 बेटों अमित शर्मा व सुमित शर्मा के नाम पर 1 बीघा जमीन खरीदी थी। इसके तहत उपतहसील धामी में 28 फरवरी, 2024 को इंतकाल भी दर्ज हो गया था लेकिन उससे जुड़े दस्तावेज जारी करने की आड़ में कानूनगो द्वारा रिश्वत की मांग की गई।
शिकायतकर्त्ता के बेटे अमित शर्मा ने आरोपी को 8 व 5 हजार की राशि गूगल पे के माध्यम से भी भेजी थी। इसके बाद भी कथित घूसखोर द्वारा 37 हजार रुपए मांगे जा रहे थे। ऐसे में विजिलेंस ने शिकायत के आधार पर अपना जाल बिछाया और अधिकारी को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया।