विदेश भेजने के नाम पर युवक से ठगे लाखों रुपए, महिला सहित 3 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
HNN/ कांगड़ा
हिमाचल प्रदेश में ऑनलाइन ठगी के मामले लगातर बढ़ते ही जा रहे है। पुलिस द्वारा ऑनलाइन ठगी को लेकर लगातार लोगों को जागरूक किया जा रहा है परंतु फिर भी लोग ठगी का शिकार हो रहे है। अब एक नया मामला जिला कांगड़ा का है, यहां एक चंडीगढ़ की महिला ने एक युवक से विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपए ठग लिए है।
चड़ी निवासी राजेश कुमार ने इस बाबत पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने महिला सहित 2 अन्य आरोपियों के खिलाफ साजिश रचने व धोखाधड़ी करने के आरोप में विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में राजेश कुमार ने बताया कि 28 जुलाई, 2023 को उसके मोबाइल पर चंडीगढ़ से महिला आरती थापा का फोन आया। उसने बताया कि चड़ी-घरोह में उसके रिश्तेदार हैं तथा वह चंडीगढ़ में एक कंपनी में काम करती है जोकि लोगों को विदेश भेजती है। महिला ने युवक को सिंगापुर जाने के बारे में पूछा, जिस पर उसने हामी भर दी।
युवक ने चंडीगढ़ में अपना मेडिकल करवाया, जिसके 18 हजार रुपए लिए गए। इसके बाद 15 हजार रुपए दस्तावेज संबंधी कार्य और 14 हजार रुपए सिक्योरिटी के तौर पर लिए। इसके 8 दिनों के बाद महिला ने दोबारा युवक को फोन किया कि उनका मंजूरी लैटर आ गया है तथा 3 लाख 16 हजार रुपए लेकर चंडीगढ़ में पत्र पर हस्ताक्षर करने के लिए आएं।
युवक ने मंजूरी पत्र पर हस्ताक्षर करने के साथ राशि भी सौंपी, जिस पर उसे 45 दिनों बाद वीजा लैटर आने की बात कही गई। युवक ने 45 दिनों बाद महिला के माेबाइल पर फोन किया लेकिन उसका नंबर ब्लैकलिस्ट में डाला गया था। एएसपी कांगड़ा बीर बहादुर ने पुष्टि की है।