FIR / पच्छाद में सरकारी भूमि से बजरी निकालने का आरोप, छह लोगों पर मामला दर्ज
FIR / सिरमौर जिले के पच्छाद क्षेत्र में पुलिस ने सरकारी शामलात भूमि से कथित तौर पर बजरी-ग्रेवर निकालने के मामले में छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। जडेनुआ में गश्त के दौरान पुलिस को पहाड़ी पर जेसीबी चलती मिली, जबकि निकाली गई सामग्री एक टिप्पर में भरी जा रही थी। भूमि रिकॉर्ड की जांच में संबंधित जमीन सरकारी पाई गई।
सिरमौर/पच्छाद
पुलिस थाना पच्छाद की टीम जडेनुआ क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सड़क से कुछ दूरी पर पहाड़ी का हिस्सा कटा हुआ दिखाई दिया और जेसीबी चलने की आवाज सुनाई दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो जेसीबी नंबर HP16AA-2238 से पहाड़ी की खुदाई की जा रही थी। पुलिस के मुताबिक, वहां से निकाली गई बजरी-ग्रेवर को टिप्पर नंबर HP16AA-3587 में भरा जा रहा था, जबकि एक अन्य टिप्पर HP16AA-3852 भी मौके पर खड़ा मिला।
जांच में सरकारी शामलात पाई गई जमीन
पुलिस के अनुसार, खुदाई वाली जमीन से संबंधित रिकॉर्ड की जांच की गई तो वह सरकारी शामलात भूमि पाई गई। आरोप है कि आपसी मिलीभगत से जमीन में कटाव कर वहां से बजरी-ग्रेवर निकाला जा रहा था। इस मामले में जेसीबी चालक नितिन चौहान, टिप्पर चालक अजय पुंडीर और रोहन कुमार के साथ सतीश ठाकुर, संजीव ठाकुर तथा बृजपाल के खिलाफ पुलिस थाना पच्छाद में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब मामले की आगामी जांच कर रही है।