Loading...

बधाई के इलाके को लेकर किन्नर गुटों में खूनी टकराव, महंत ज्योति पर जानलेवा हमले का आरोप

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

हरियाणा के युवकों समेत चार आरोपी गिरफ्तार, एफआईआर दर्ज; अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी

पांवटा साहिब

पांवटा साहिब में बधाई और नेग मांगने के क्षेत्र को लेकर किन्नर गुटों के बीच विवाद एक बार फिर हिंसक हो गया है। स्थानीय किन्नर महंत ज्योति पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला करने का आरोप लगा है। मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की आशंका के बीच किन्नर समाज ने पुलिस से फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई करने की मांग उठाई है।

पुलिस को दी शिकायत में महंत ज्योति ने बताया कि वह अपनी साथियों के साथ बातामंडी स्थित बालाजी कंपनी में दिवाली का शगुन लेने गई थीं। इसी दौरान दूसरे गुट की राजकुमारी महंत अपने साथियों के साथ वहां पहुंच गई। शिकायत के अनुसार, राजकुमारी महंत के साथ आए हरियाणा के छछरौली निवासी जस्सी, समीर, शहजाद उर्फ गेंटा, फुरकान और तीन अन्य अज्ञात लोगों ने उन्हें घेर लिया तथा लाठी-डंडों और लात-घूंसों से हमला कर दिया। इस हमले में ज्योति महंत घायल हो गईं।

पहले भी मारपीट और धमकियां देने के आरोप

महंत ज्योति का आरोप है कि दूसरा गुट लंबे समय से उनके क्षेत्र में दखल देने का प्रयास कर रहा है। इसके लिए हरियाणा से बाहरी लोगों को बुलाकर उन्हें और उनके शिष्यों को जान से मारने की धमकियां भी दी जाती रही हैं। शिकायतकर्ता ने दावा किया कि मार्च 2026 में भी उनके साथ मारपीट की गई थी। ताजा घटना के बाद उन्होंने भविष्य में दोबारा हमला होने की आशंका जताते हुए सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पहले भी हो चुका है खूनी संघर्ष

गौरतलब है कि पांवटा साहिब में कुछ महीने पहले भी दो गुटों के बीच हिंसक टकराव हुआ था। उस दौरान कई बार मारपीट और गोली चलने की घटनाएं सामने आई थीं, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था। पुलिस की कार्रवाई के बाद दोनों गुटों के बीच टकराव पर अंकुश लगा था। अब बधाई के क्षेत्र को लेकर चल रहे विवाद में बाहरी लोगों की कथित संलिप्तता ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस ने कार्रवाई का दिया भरोसा

स्थानीय किन्नर समाज ने मांग की है कि मामले में फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। उधर, एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने बताया कि पुलिस मामले में तत्परता से कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि मामले को गंभीरता से लिया जाएगा और फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बिगड़ने नहीं दी जाएगी।

Related Topics: • •