Loading...

विद्युत आपूर्ति से वंचित आंगनबाड़ी केंद्रों में समयबद्ध रूप से व्यवस्था सुनिश्चित की जाए – उपायुक्त मुकेश रेपसवाल

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 17 Feb 2025 • 1 Min Read

Himachalnow / चंबा

आंगनबाड़ी केंद्रों की विद्युत आपूर्ति को लेकर निर्देश, रिक्त पदों को जल्द भरने पर जोर

ज़िला अनुश्रवण एवं संवीक्षा समिति की बैठक आयोजित

चंबा, फरवरी 17 – उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने बाल विकास परियोजना अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि ज़िले में विद्युत आपूर्ति से वंचित सभी आंगनबाड़ी केंद्र भवनों में समयबद्ध रूप से विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह निर्देश ज़िला अनुश्रवण एवं संवीक्षा समिति (डीएलएमआरसी) की बैठक की अध्यक्षता करते हुए दिए।

आंगनबाड़ी केंद्रों की संचालन स्थिति की समीक्षा

बैठक में ज़िले में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने बाल विकास परियोजना अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्युत आपूर्ति से वंचित आंगनबाड़ी केंद्र भवनों का प्राक्कलन तैयार किया जाए और आवश्यक विभागीय औपचारिकताएं शीघ्र पूरी की जाएं। साथ ही, किराए के भवनों में संचालित केंद्रों की राजकीय प्राथमिक पाठशालाओं से दूरी की सूची उपलब्ध कराने को कहा गया।

निर्माणाधीन भवनों और मरम्मत कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश

बैठक में उपायुक्त ने निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्र भवनों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि इन भवनों से जुड़े मरम्मत और रखरखाव के कार्य 28 फरवरी तक पूरे कर लिए जाएं। नए भवनों के निर्माण के लिए भूमि चयन में प्राथमिकता राजकीय प्राथमिक पाठशालाओं के समीप रखने के निर्देश भी दिए गए।

रिक्त पदों को जल्द भरने की प्रक्रिया शुरू करने के आदेश

उपायुक्त ने ज़िले में रिक्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के सभी पदों को शीघ्र भरने के लिए आवश्यक प्रक्रिया तुरंत शुरू करने के निर्देश दिए।

महिला सशक्तिकरण और जागरूकता अभियान को बढ़ाने पर जोर

मिशन शक्ति के तहत महिलाओं की रक्षा, सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर चल रही योजनाओं की समीक्षा भी बैठक में की गई। उपायुक्त ने उपयोजना सामर्थ्य और संबल के तहत जागरूकता गतिविधियों को और अधिक बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का अधिक से अधिक उपयोग कर इन योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जाए।

विभिन्न योजनाओं की समीक्षा

बैठक में विशेष पोषाहार कार्यक्रम, मुख्यमंत्री सुख शिक्षा योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, वन स्टॉप सेंटर चंबा, ज़िला बाल संरक्षण इकाई से जुड़े विभिन्न मामलों की समीक्षा की गई। इस दौरान संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

बैठक में विभिन्न विभागीय अधिकारी रहे मौजूद

बैठक का संचालन ज़िला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास कमल कुमार ने किया। इस दौरान पुलिस उपाधीक्षक जितेंद्र चौधरी, उपनिदेशक उद्यान विभाग प्रमोद शाह, ज़िला विकास अधिकारी ओपी ठाकुर, ज़िला रोजगार अधिकारी अरविंद सिंह चौहान, सहायक अभियंता जल शक्ति गौरव कुमार, ओएसडी शिक्षा उमाकांत आनंद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Topics: