विधानसभा चुनाव के चलते सिरमौर में पुलिस अलर्ट, अब तक पकड़ा 37.21 लाख का कैश
HNN/ नाहन
हिमाचल प्रदेश में 12 नवंबर को होने जा रहे विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत सिरमौर में पुलिस पूरी तरह से अलर्ट मोड़ पर आ चुकी है। जिला सिरमौर के इंटर स्टेट नाकों पर पुलिस, सर्विलांस व पैरा मिल्ट्री का कड़ा पहरा है। हरियाणा, उत्तराखंड और यूपी की सीमा पर हर संदिग्ध व्यक्ति व वस्तु पर पैनी नजर रखी जा रही है और जिला में आने वाले वाहनों की गहनता से जांच पड़ताल की जा रही है।
बता दें, बहराल, गोबिंदघाट और यमुनाघाट बैरियर पर लाखों की नकदी पकड़ी जा चुकी है। जिले में विभिन्न मामलों में 37,21,101 रुपये की नकदी अब तक जवानों द्वारा बरामद की जा चुकी है। नकदी के साथ पकडे गए लोगों द्वारा अगर जवाब संतोषजनक पाया गया तो पैसा वापस की प्रक्रिया के अनुसार दे दिया जाता है। अगर संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है तो पैसे को जब्त कर लिया जाता है।
उधर, पुलिस अधीक्षक सिरमौर रमन कुमार मीणा ने बताया कि अब तक 37,21,100 रुपये की नकदी जब्त की गई है और यहाँ कार्यवाही लगातार जारी है। उन्होंने बताया कि पुलिस, सर्विलांस, पैरा मिल्ट्री और आईटीबीपी के जवान न केवल सीमाओं और बैरियरों पर तैनात है बल्कि सभी चौराहों, मार्गों सहित जगह-जगह स्थानों पर गश्त भी कर रहे है। पांवटा में आने वाले वाहनों की जांच करने के बाद ही उन्हें आगे जाने दिया जा रहा है।
