विधानसभा चुनाव के लिए सुखराम चौधरी ने झोंकी ताकत, बोले- फिर खिलेगा कमल का फूल
HNN/ पांवटा
हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में चार दिन का समय बाकी रहा है। 12 नवंबर को मतदान होना है। आठ, नौ व दस नवंबर तीन दिन ही प्रचार के बचे हैं। ऐसे में सभी ने प्रचार में ताकत झोंक दी है। बात अगर पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र की करें तो यहाँ भाजपा प्रत्याशी सुखराम चौधरी और कांग्रेस प्रत्याशी किरनेश जंग के बीच कांटे की टक्कर है। इसी के चलते सुखराम चौधरी लगातार नुक्कड़ सभाएं और बैठक कर रहे है। देर शाम भी उन्होंने शहर के वार्ड नंबर-8 में एक बैठक को संबोधित किया।
इस दौरान उन्होंने कहा, पांवटा शहर की जनता ने इस बार भी विकास का कमल खिलाने का मन बना लिया है। उन्होंने कहा, जैसे समर्थन उन्हें पिछले विधानसभा चुनाव में मिला और पूर्ण बहुमत से जीत सुनिश्चित हुई इस बार भी यहाँ की जनता भाजपा के साथ खड़ी है। सुखराम चौधरी ने कहा कि नगर परिषद वार्ड नंबर 8 की समस्त जनता भाजपा के प्रति काफी उत्साहित है। गत पांच वर्षों में हमने पाँवटा साहिब में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने का बेहतरीन प्रयास किया है।
उन्होंने कहा, डबल इंजन की सरकार ने समूचे जिला का एक बराबर विकास किया है और यही विकास आगे भी जारी रहे इसके लिए कमल का फूल खिलना जरुरी है। इस मौके पर सुखराम चौधरी ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्त्व में भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश में पुन: पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी। सुखराम चौधरी ने कहा कि पांवटा साहिब क्षेत्र में लोगों का जो समर्थन हमें मिल रहा है यह साफ संकेत है कि यहां भी कमल खिलने वाला है।