विधायक केवल पठानिया ने रजोल स्कूल में मेधावी छात्रों को वितरित किए टेबलेट
शिक्षा के स्तर में सुधार के लिए हो रहे प्रयास- पठानिया
HNN/ कांगड़ा
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रजोल में आज शाहपुर के विधायक ने श्री निवास रामानुजन योजना के तहत टैबलेट वितरित किए तथा टैलेंट हंट प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित भी किया। इस अवसर पर अपने सम्बोधन में उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा हर विधानसभा क्षेत्र में चरणबद्ध तरीके से एक राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल खोलने का निर्णय लिया गया है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुखी शिक्षा उपलब्ध करवा रही है। शिक्षा के स्तर में सुधार लाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं तथा प्रदेश सरकार अगले शैक्षणिक सत्र से शिक्षा में सुधार के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाने जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने सम्पर्क साईंस टीवी प्रोग्राम के अंतर्गत डिजिटल माध्यम से शिक्षा प्रदान करने की अनूठी शुरुआत की है।
केवल पठानिया ने सभी को लोहड़ी की बधाई दी। उन्होंने अध्यापकों से आह्वान किया कि वह शिक्षा की गुणवत्ता पर फोकस करें। उन्होंने बताया कि रजोल में 6.50 लाख व्यय करके 100 केवीए ट्रांसफार्मर को अपग्रेड कर 250केवीए तथा 45 मील में 63 केवीए के ट्रांसफार्मर को अपग्रेड करके 100 केवीए का किया गया है जिससे यहां की विद्युत व्यवस्था में सुधार हुआ है।
उन्होंने स्थानीय स्कूल के बच्चों के साथ लोहड़ी भी मनाई ।उन्होंने आज शाहपुर विधानसभा के 140 विद्यार्थियों को जिनमें दसवीं के 65 तथा जमा दो के 75 बच्चों को टैबलेट वितरित किये। टैलेंट हंट प्रतियोगिता जोकि शाहपुर विधानसभा के विभिन्न स्कूलों में आयोजित करवाई गई थी और इसमें 100 बच्चों ने अपना अपना हुनर दिखाया था।
बता दें विज्ञान संकाय में रावमापा शाहपुर का साहिल प्रथम, कॉमर्स में रावमापा चड़ी का वंशसुबा प्रथम तथा कला संकाय में रावमापा रैत की अंकिता प्रथम रही को विधायक केवल पठानिया ने स्मृति चिन्ह तथा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने स्थानीय स्कूल के मेधावी विद्यार्थियों को भी पुरस्कृत किया।