विमल नेगी प्रकरण / शिवम प्रताप सिंह पावर कॉरपोरेशन निदेशक पद से हटाए गए, नरेश ठाकुर को मिला अतिरिक्त कार्यभार
शिमला
विमल नेगी प्रकरण के बीच सरकार का बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, मनेश कुमार पांगी भेजे गए
पावर कॉरपोरेशन में बड़ा बदलाव
हिमाचल प्रदेश सरकार ने हिमाचल पावर कॉरपोरेशन के निदेशक (कार्मिक एवं वित्त) शिवम प्रताप सिंह को उनके पद से हटा दिया है। यह कार्रवाई चीफ इंजीनियर विमल नेगी की संदिग्ध मौत के मामले में चल रही जांच के बीच की गई है। बता दें कि विमल नेगी के परिजनों ने शिवम प्रताप सिंह पर प्रताड़ना के आरोप लगाए थे और उन्हें पावर कॉरपोरेशन से हटाने की मांग की थी।
नरेश ठाकुर को सौंपा गया अतिरिक्त कार्यभार
राज्य परिवहन प्राधिकरण के सचिव-सह-अतिरिक्त आयुक्त नरेश ठाकुर को अब निदेशक (कार्मिक एवं वित्त), हिमाचल पावर कॉरपोरेशन का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। इस संबंध में मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना द्वारा अधिसूचना जारी कर दी गई है।
शिवम प्रताप को सौंपा गया नया दायित्व
पद से हटाए गए शिवम प्रताप सिंह को हिमाचल प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, शिमला का मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।
मनेश कुमार होंगे रेजिडेंट कमिश्नर पांगी
आईएएस मनेश कुमार, जो वर्तमान में उद्योग विभाग में अतिरिक्त नियंत्रक के पद पर कार्यरत हैं, उन्हें अब रेजिडेंट कमिश्नर पांगी के पद पर स्थानांतरित किया गया है। वे इस पद पर एसडीओ रमन घारसंघी का स्थान लेंगे।
हरीश गज्जू को अतिरिक्त जिम्मेदारी
वहीं मुख्यमंत्री के अतिरिक्त सचिव डॉ. हरीश गज्जू को अगले आदेशों तक अतिरिक्त नियंत्रक उद्योग विभाग का अतिरिक्त कार्यभार भी सौंपा गया है। वे वर्तमान में अतिरिक्त निदेशक उद्योग का अतिरिक्त दायित्व भी संभाल रहे हैं।