Loading...

विमल नेगी मामले में सीबीआई जांच को सरकार ने दी स्वीकृति, मुख्यमंत्री सुक्खू बोले– न्याय में कोई रुकावट नहीं आने देंगे

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 26 May 2025 • 1 Min Read

शिमला

सीएम ने कहा– हाईकोर्ट के आदेशों की अक्षरशः पालना करेंगे, अपील नहीं होगी दायर

भाजपा पर राजनीतिकरण का आरोप
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सोमवार को शिमला में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि विमल नेगी की मौत को लेकर भाजपा केवल राजनीति कर रही है, जबकि कांग्रेस सरकार का उद्देश्य सिर्फ पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि सीबीआई जांच के दौरान प्रदेश सरकार से किसी प्रकार की मदद मांगी जाती है तो वह हरसंभव सहयोग देने को तैयार हैं।

परिवार की भावनाओं का किया सम्मान
सीएम सुक्खू ने कहा कि जब परिजनों ने सड़क पर प्रदर्शन किया तो मंत्री जगत नेगी की सिफारिश पर उन्होंने तत्काल कार्रवाई करते हुए निदेशक को निलंबित किया और एमडी को हटाने का निर्णय लिया। साथ ही, स्वयं परिवार से बात करवाई गई और न्याय की पूरी गारंटी दी गई। इसके बावजूद भाजपा ने इसे राजनीतिक मुद्दा बना दिया।

पुलिस रिपोर्ट और अधिकारियों में मतभेद पर भी बोले सीएम
मुख्यमंत्री ने माना कि कोर्ट में रिपोर्ट प्रस्तुत करने से पहले पुलिस अधिकारियों के बीच मतभेद सामने आए। डीजीपी द्वारा एसआईटी बदलने की मांग को उन्होंने यह कहते हुए अस्वीकार कर दिया कि मामले को सीधे सीबीआई को सौंपा जाना बेहतर रहेगा। पुलिस और डीजीपी द्वारा कोर्ट में अलग-अलग रिपोर्ट और हलफनामा प्रस्तुत करने की स्थिति को उन्होंने अनुशासनहीनता करार दिया।

सरकार नहीं करेगी अपील, आदेशों का पालन होगा
मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार विमल नेगी मामले में कोई अपील दायर नहीं करेगी और हाईकोर्ट के आदेशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित की जाएगी। हालांकि उन्होंने कोर्ट की उस टिप्पणी पर असहमति जताई जिसमें कहा गया था कि सीबीआई जांच टीम में हिमाचल काडर का कोई अधिकारी नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह टिप्पणी सवाल खड़े करती है कि क्या हिमाचल से संबंधित न्यायाधीश भी पक्षपाती माने जाएं?

अनुशासनहीन अफसरों पर होगी कार्रवाई
सीएम सुक्खू ने कहा कि सरकार में अधिकारियों की अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस पर शीघ्र समीक्षा बैठक होगी और सख्त निर्णय लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश को लूटने या लुटाने नहीं दिया जाएगा।

सांसद हर्ष महाजन पर तीखा हमला
मुख्यमंत्री ने भाजपा सांसद हर्ष महाजन को भी आड़े हाथों लिया और कहा कि जो व्यक्ति विधायकों की खरीद-फरोख्त करके सांसद बना है, वह आज भ्रष्टाचार की बात कर रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने कभी उनके खिलाफ केस किया और फिर उसे चुनाव से पहले वापस ले लिया, अब वही लोग नैतिकता की बात कर रहे हैं।