विमल नेगी मौत मामले में हिमाचल पुलिस पर सवाल / डीजीपी के निजी स्टाफ पर गंभीर आरोप, चिट्टा कनेक्शन और दस्तावेज लीक का मामला उठा
शिमला
एसपी संजीव गांधी ने कहा—हाईकोर्ट में याचिका दाखिल करेंगे, विमल नेगी को हर हाल में न्याय दिलाकर रहेंगे
एनएसजी रिपोर्ट को बताया गुमराह करने वाला, एलपीजी ब्लास्ट को बताया गया था आतंकी हमला
एसपी संजीव गांधी ने शुक्रवार को एक प्रेस वार्ता में डीजीपी पर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि वह इस पूरे मामले को लेकर अब हाईकोर्ट की शरण लेंगे। उन्होंने कहा कि मिडल बाजार गैस ब्लास्ट केस में एनएसजी की रिपोर्ट को आधार बनाकर डीजीपी ने उन्हें दोषी ठहराया और मुख्य सचिव को पत्र लिखते हुए सबूतों को नष्ट करने का आरोप लगाया था।
गांधी ने कहा कि अब उस मामले की जांच रिपोर्ट सामने आ चुकी है, जिसमें साफ है कि वह विस्फोट एलपीजी से हुआ था, ना कि आरडीएक्स से। उन्होंने पूछा कि कैसे बड़े पुलिस अधिकारी एनएसजी जैसी संस्था का राजनीतिक और प्रशासनिक हित में गलत इस्तेमाल कर सकते हैं।
सीआईडी दस्तावेज लीक मामले में डीजीपी के निजी स्टाफ पर आरोप
एसपी गांधी ने दावा किया कि सीआईडी के एक गोपनीय पत्र को चोरी कर उसे डीजीपी के निजी स्टाफ के माध्यम से लीक किया गया। इस मामले में एफआईआर दर्ज हो चुकी है और जांच जारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस जांच को प्रभावित करने के लिए डीजीपी ने बार-बार दखल देने की कोशिश की।
उन्होंने यह भी कहा कि शिमला पुलिस को कई शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें डीजीपी के आचरण पर गंभीर सवाल उठाए गए हैं। इनमें एक शिकायत यह भी शामिल है कि सीआईडी में रहते हुए डीजीपी ने एक जूनियर अधिकारी पर दबाव बनाकर एक फर्जी रिपोर्ट तैयार करवाई थी, जिसे कोर्ट में पेश कर गुमराह किया गया।
ड्रग तस्करी में डीजीपी के स्टाफ का नाम, कोर्ट से मांगी गई अनुमति
संजीव गांधी ने एक और चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि चिट्टा तस्करी के एक बड़े गिरोह में डीजीपी के निजी स्टाफ का कर्मचारी संलिप्त पाया गया है। उन्होंने कहा कि मंडी से जुड़े संजय भूरिया गैंग की जांच के दौरान इसका खुलासा हुआ है और इस संबंध में सेशन कोर्ट से आगे की जांच की अनुमति मांगी गई है।
गांधी ने कहा कि यदि पुलिस महानिदेशक कार्यालय में ऐसे लोगों की भूमिका है तो बतौर पुलिस अधीक्षक, उनका कर्तव्य बनता है कि वे ना केवल जांच को सुरक्षित रखें बल्कि जनता को भी सच्चाई से अवगत करवाएं।
भाजपा विधायक सुधीर शर्मा के खिलाफ मानहानि केस दायर
एसपी संजीव गांधी ने बताया कि उन्होंने धर्मशाला से भाजपा विधायक सुधीर शर्मा के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया है। यह मामला 21 मई को हाईकोर्ट की सुनवाई के वीडियो क्लिप को कथित रूप से वायरल करने को लेकर दर्ज किया गया है।