विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान / ऊना में रह रहे बिहार के मतदाता 25 जुलाई तक भरें गणना प्रपत्र : उपायुक्त जतिन लाल
बिहार में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत हिमाचल प्रदेश में अस्थायी रूप से रह रहे बिहार के प्रवासी मतदाता 25 जुलाई तक ऑनलाइन या ऑफलाइन माध्यम से गणना प्रपत्र जमा कर सकते हैं। उपायुक्त ऊना ने सभी पात्र नागरिकों से इस अभियान में सहभागिता की अपील की है।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
25 जुलाई तक भरना होगा गणना प्रपत्र
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार बिहार राज्य में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत 25 जुलाई 2025 तक गणना प्रपत्र जमा किए जाने आवश्यक हैं।
प्रवासी मतदाता ऑनलाइन भर सकते हैं फॉर्म
जो बिहार के निर्वाचक अस्थायी रूप से हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों में निवास कर रहे हैं, वे वेबसाइट https://voters.eci.gov.in या ECINET मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं।
ऑफलाइन विकल्प भी मौजूद
इसके अतिरिक्त, प्री-फिल्ड फॉर्म डाउनलोड कर उसे हस्ताक्षरित करके व्हाट्सएप, ईमेल या परिवार के किसी सदस्य के माध्यम से संबंधित बूथ लेवल अधिकारी तक भेजा जा सकता है।
11 वैध दस्तावेजों में से कोई एक आवश्यक
गणना प्रपत्र के साथ निम्न में से कोई एक वैध दस्तावेज संलग्न करना आवश्यक है:
- सरकारी/पीएसयू पहचान पत्र या पीपीओ
- 1 जुलाई 1987 से पूर्व का सरकारी दस्तावेज
- जन्म प्रमाण पत्र
- पासपोर्ट
- शैक्षणिक प्रमाण पत्र
- स्थायी निवास प्रमाण पत्र
- वन अधिकार पत्र
- जाति प्रमाण पत्र
- नागरिकों का राष्ट्रीय रजिस्टर (जहाँ लागू)
- पारिवारिक रजिस्टर
- भूमि या मकान आवंटन प्रमाण पत्र
प्रारूप मतदाता सूची और आपत्ति प्रक्रिया
प्रारूप निर्वाचक नामावली 1 अगस्त 2025 को प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 1 अगस्त से 1 सितम्बर 2025 तक दावे व आपत्तियों की प्रक्रिया चलेगी। दस्तावेज यदि तुरंत उपलब्ध न हो, तो दावा-आपत्ति अवधि में भी प्रस्तुत किए जा सकते हैं।
स्थिति जांचने की सुविधा
मतदाता ईसीआईएनईटी ऐप या https://voters.eci.gov.in पोर्टल पर जाकर अपने फॉर्म की स्थिति की जांच कर सकते हैं।