लेटेस्ट हिमाचल प्रदेश न्यूज़ हेडलाइंस

व्यापारी को उजाड़ने और ग्राहक को भगाने की सुनियोजित साजिश-कांग्रेस सरकार का “चालान राज” और प्रशासनिक तानाशाही बेनकाब : विनय शर्मा

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन | 17 दिसंबर 2025 at 6:59 pm

Share On WhatsApp Share On Facebook Share On Twitter

ऊना के कोर बाजार में व्यापारियों और ग्राहकों पर बढ़ते दबाव को लेकर भाजपा ने कांग्रेस सरकार और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। भाजपा ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी न होने पर व्यापक जन-आंदोलन किया जाएगा।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

कोर बाजार में व्यापारियों पर बढ़ते दबाव का मुद्दा उठाया

हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें: Join WhatsApp Group

भारतीय जनता पार्टी के जिला प्रवक्ता विनय शर्मा ने ऊना के कोर बाजार में व्यापारियों के साथ हो रहे लगातार अन्याय को लेकर कांग्रेस सरकार, जिला प्रशासन और नगर परिषद पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोलते हुए कहा कि ऊना में आज हालात इतने बदतर कर दिए गए हैं कि न व्यापारी चैन से दुकान चला पा रहा है और न ग्राहक निडर होकर खरीदारी करने आ पा रहा है। यह स्थिति संयोग नहीं, बल्कि कांग्रेस सरकार की व्यापारी-विरोधी और जन-विरोधी नीतियों का नतीजा है।

चालान के डर से ग्राहक बाजार आने से कतरा रहे

विनय शर्मा ने कहा कि एक तरफ वर्षों से स्थापित दुकानों को अवैध बताकर उजाड़ने की तैयारी की जा रही है और दूसरी तरफ बाजार में आने वाले ग्राहकों पर चालानों की ऐसी दहशत फैलाई गई है कि लोग ऊना बाजार का रुख करने से ही डरने लगे हैं। दुकानों के बाहर ग्राहक अपनी गाड़ी खड़ी नहीं कर सकते, कुछ मिनट भी वाहन खड़ा हुआ तो तुरंत चालान थमा दिया जाता है। परिणामस्वरूप ग्राहक चालान के डर से बिना खरीदी किए लौट जाता है या बाजार आना ही छोड़ देता है।

पार्किंग व्यवस्था को लेकर कांग्रेस सरकार पर सवाल

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में ऊना सदर विधायक श्री सतपाल सिंह सत्ती जी द्वारा ही ऊना शहर में सरकारी पार्किंग का निर्माण करवाया गया, जबकि कांग्रेस सरकार एक ईंट भी नहीं लगा सकी। इसके बावजूद जब न पर्याप्त पार्किंग बनाई गई और न ही कोई वैकल्पिक व्यवस्था की गई, तो फिर ग्राहक और व्यापारी कहां जाएं? क्या कांग्रेस सरकार चाहती है कि बाजार खाली हो जाएं और व्यापारी बेरोजगार हो जाएं? क्या यही उनका तथाकथित व्यवस्था परिवर्तन का मॉडल है?

ईमानदार व्यापारियों को बनाया जा रहा आसान निशाना

भाजपा जिला प्रवक्ता विनय शर्मा ने आरोप लगाया कि ऊना में “कानून व्यवस्था” के नाम पर सिर्फ ईमानदार व्यापारियों और आम जनता को ही निशाना बनाया जा रहा है। अवैध धंधे, नशा माफिया, खनन माफिया और बड़े रसूखदारों पर कार्रवाई करने का साहस प्रशासन में नहीं है, लेकिन छोटे दुकानदार और ग्राहक प्रशासन के लिए सबसे आसान शिकार बन गए हैं।

चालान राज से बाजार सुनसान, रोजगार पर संकट

विनय शर्मा ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने ऊना को विकास नहीं, बल्कि अव्यवस्था, डर और अराजकता दी है। चालान काटना ही अगर समाधान होता, तो आज ऊना देश का सबसे विकसित शहर होता। लेकिन सच्चाई यह है कि चालान राज ने बाजार को सुनसान कर दिया है, व्यापार चौपट हो रहा है और सैकड़ों परिवारों की रोजी-रोटी खतरे में डाल दी गई है।

संवाद की जगह दमन और धमकी का आरोप

उन्होंने कहा कि यह बेहद शर्मनाक है कि जब व्यापारी अपनी पीड़ा लेकर सड़कों पर उतरता है, तो सरकार उसे दोषी ठहराती है। लोकतंत्र में संवाद की जगह दमन और धमकी ने ले ली है। कांग्रेस सरकार को यह भ्रम नहीं पालना चाहिए कि व्यापारी और जनता यह सब चुपचाप सहती रहेगी।

भाजपा ने दी जन-आंदोलन की चेतावनी

भाजपा जिला प्रवक्ता ने दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि यदि तुरंत बाजार क्षेत्र में पर्याप्त और व्यावहारिक पार्किंग व्यवस्था नहीं की गई, दुकानों के बाहर सीमित समय के लिए ग्राहक वाहनों को खड़ा करने की अनुमति नहीं दी गई, अनावश्यक और डर पैदा करने वाले चालान अभियान पर रोक नहीं लगी तथा लोडिंग-अनलोडिंग के लिए उचित समय निर्धारित नहीं किया गया, तो भारतीय जनता पार्टी ऊना में व्यापारियों के सहयोग से व्यापक जन-आंदोलन खड़ा करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी कांग्रेस सरकार, जिला प्रशासन और नगर परिषद की होगी।

व्यापारियों की मांगें और भाजपा का संकल्प

अंत में विनय शर्मा ने कहा कि ऊना का व्यापारी भी इस शहर का नागरिक है, अपराधी नहीं। ग्राहक बाजार में खरीदारी करने आता है, चालान कटवाने नहीं। भाजपा व्यापारियों और आम जनता के सम्मान, अधिकार और रोजगार की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी—चाहे सड़क हो, सदन हो या न्यायालय।
मांगें स्पष्ट हैं कि कोर बाजार में तुरंत अस्थायी व स्थायी पार्किंग की ठोस व्यवस्था हो, दुकानों के सामने सीमित समय के लिए ग्राहक पार्किंग की अनुमति प्रदान की जाए, चालान राज पर तत्काल रोक लगाई जाए तथा व्यापारियों से संवाद कर व्यावहारिक समाधान प्रदान किया जाए। विनय शर्मा ने कहा कि ऊना का बाजार उजड़ने नहीं दिया जाएगा और भाजपा इस लड़ाई को अंतिम परिणाम तक ले जाएगी।

हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें

ताज़ा खबरों और अपडेट्स के लिए अभी हमारे WhatsApp ग्रुप का हिस्सा बनें!

Join WhatsApp Group

आपकी राय, हमारी शक्ति!
इस खबर पर आपकी प्रतिक्रिया साझा करें


[web_stories title="false" view="grid", circle_size="20", number_of_stories= "7"]