22 वर्षीय युवक ने फंदा लगाकर की आत्महत्या, कारणों का नहीं चला पता
शिमला
कमरे में मिला युवक का शव, दरवाजा तोड़कर परिजनों ने निकाला बाहर
राजधानी शिमला के ढली थाना क्षेत्र के तहत शनान में एक युवक द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 22 वर्षीय विजय पुत्र प्रेम कुमार के रूप में की गई है, जो अपने परिवार के साथ किराए के मकान में रह रहा था। शनिवार रात करीब 11 बजे वह सोने के लिए अपने कमरे में गया था जबकि परिजन दूसरे कमरे में थे।
सुबह तक न खुला दरवाजा, मां ने दरवाजा तोड़कर देखा भयावह दृश्य
रविवार सुबह जब उसकी मां उसे जगाने गई तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था और कोई उत्तर नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने दरवाजा तोड़कर देखा तो विजय छत में लगे हुक से फंदे से लटका हुआ था। परिवार ने तुरंत उसे नीचे उतार कर फर्श पर लिटा दिया और पुलिस को सूचित किया गया।
पुलिस ने शुरू की जांच, पोस्टमार्टम को भेजा शव
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव की प्रारंभिक जांच की। फंदा छत पर लगे हुक से लगाया गया था जिसकी ऊंचाई जमीन से करीब 69.5 इंच बताई गई। मृतक के गले पर गहरे नीले रंग का निशान पाया गया जबकि शरीर पर कोई अन्य चोट नहीं मिली।आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है और कोई सुसाइड नोट भी मौके से नहीं मिला है। पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत मामला दर्ज किया है और जांच की जा रही है।