शपथ के साथ सक्रिय हुई नगर पंचायत राजगढ़, विक्रम जेलदार ने अध्यक्ष और नरेंद्र ठाकुर ने उपाध्यक्ष पद संभाला
एसडीएम राजकुमार ठाकुर ने दिलाई पद एवं गोपनीयता की शपथ, विकास, पारदर्शिता और जनसेवा को बनाया प्राथमिकता
हिमाचल नाऊ न्यूज राजगढ़
नगर पंचायत राजगढ़ को बुधवार को नया नेतृत्व मिल गया। शपथ ग्रहण के साथ ही नगर पंचायत का नया कार्यकाल औपचारिक रूप से शुरू हो गया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष विक्रम जेलदार और उपाध्यक्ष नरेंद्र ठाकुर ने नगर पंचायत सभागार में आयोजित गरिमामय समारोह में पद एवं गोपनीयता की शपथ लेकर अपने दायित्वों का कार्यभार संभाल लिया। एसडीएम राजगढ़ राजकुमार ठाकुर ने दोनों जनप्रतिनिधियों को शपथ दिलाई।
समारोह में वार्ड नंबर-6 से निर्वाचित विक्रम जेलदार ने नगर पंचायत अध्यक्ष तथा वार्ड नंबर-1 से निर्वाचित नरेंद्र ठाकुर ने उपाध्यक्ष पद की शपथ ग्रहण की। इस अवसर पर नगर पंचायत के सभी पार्षद, प्रशासनिक अधिकारी तथा क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
शपथ ग्रहण के बाद अध्यक्ष विक्रम जेलदार ने कहा कि जनता ने उन पर जो विश्वास व्यक्त किया है, उस पर पूरी निष्ठा, ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ खरा उतरना उनकी पहली जिम्मेदारी होगी। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देना, स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना, आधारभूत सुविधाओं का विस्तार करना तथा जनहित से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
उपाध्यक्ष नरेंद्र ठाकुर ने कहा कि नगर पंचायत के सभी पार्षदों, अधिकारियों और आम जनता के सहयोग से पारदर्शी, जवाबदेह एवं जनकल्याणकारी कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से राजगढ़ को स्वच्छ, सुंदर और आदर्श नगर बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।
समारोह के अंत में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल एवं जनहितैषी कार्यकाल की कामना की।
इस अवसर पर नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष दिनेश आर्य, विवेक शर्मा, सतीश ठाकुर, राजगढ़ व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजेंद्र ठाकुर, पूर्व पार्षद अजय चौहान, नीरज ठाकुर, अरुण चौहान सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।