शमशेर स्कूल के शिक्षक अमित शर्मा बने एनसीसी सेकंड ऑफिसर, कंधों पर सजे दो सितारे
हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन
जिला मुख्यालय नाहन स्थित शमशेर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के शिक्षक अमित शर्मा ने एनसीसी ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी (ओटीए), नागपुर (महाराष्ट्र) से दो माह का कठिन रेजिमेंटल प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा कर एनसीसी सेकंड ऑफिसर का रैंक हासिल किया है।
इस उपलब्धि के साथ उनके कंधों पर दो सितारे सज गए हैं, जिससे उन्होंने न केवल विद्यालय बल्कि पूरे सिरमौर जिले का गौरव बढ़ाया है।अमित शर्मा वर्तमान में शमशेर स्कूल में टीजीटी संस्कृत के पद पर कार्यरत हैं और वर्ष 2024 से विद्यालय में एनसीसी की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षुओं का फिजिकल फिटनेस, फायरिंग, मैप रीडिंग, आपदा प्रबंधन, नेतृत्व क्षमता तथा अन्य सैन्य कौशलों के आधार पर कठोर मूल्यांकन किया जाता है। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य शिक्षकों को विद्यालयों में एनसीसी गतिविधियों का प्रभावी संचालन करने के साथ-साथ विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने के लिए तैयार करना है।
प्रशिक्षण के समापन पर आयोजित भव्य पासिंग आउट परेड में अकादमी के कमांडेंट मेजर जनरल सरबजीत सिंह बक्शी ने सभी प्रशिक्षुओं के अनुशासन, उत्कृष्ट प्रदर्शन और टीम भावना की सराहना की।अमित शर्मा की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, सहकर्मियों, विद्यार्थियों तथा क्षेत्र के लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनकी सफलता से सिरमौर जिले के शिक्षकों और युवाओं को भी प्रेरणा मिलेगी।