धर्मशाला/शाहपुर
पुंछ में शहीद हुए सूबेदार मेजर पवन कुमार का सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार शाहपुर में किया गया। अंतिम संस्कार के दौरान जनसैलाब उमड़ा और भारत माता की जय के नारों के बीच शहीद को अंतिम विदाई दी गई।
सरकारी प्रतिनिधियों की उपस्थिति
सरकार की ओर से विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, कृषि मंत्री प्रो. चंद्र कुमार, उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया, डीसी हेमराज बैरवा और एसपी शालिनी अग्निहोत्री ने शहीद को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
- पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विपिन परमार, पूर्व मंत्री सरवीण चौधरी और पूर्व विधायक अरुण कुमार ने भी शहीद पवन कुमार को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
बेटे ने दी मुखाग्नि
शहीद पवन कुमार के बेटे ने पिता को मुखाग्नि दी।
- शहीद की पार्थिव देह को द्रमण से सड़क मार्ग के जरिए शाहपुर लाया गया।
- शाहपुर पहुंचते ही लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी और सभी ने नम आंखों से शहीद को अंतिम विदाई दी।
पुंछ में शहादत
10 मई को पाकिस्तान की ओर से पुंछ सेक्टर में की जा रही भारी गोलाबारी के दौरान 25 पंजाब रेजिमेंट में तैनात सूबेदार मेजर पवन कुमार शहीद हो गए।
- वह शाहपुर के वार्ड नंबर चार के निवासी थे।
- पवन कुमार के पिता गरज सिंह भी सेना से हवलदार के पद से सेवानिवृत्त हुए थे।
- शहीद पवन अपने माता-पिता, पत्नी, बेटा और बेटी को छोड़ गए हैं।

