शातिरों ने घर में लगाई सेंध, सोने-चांदी के आभूषण सहित नकदी पर किया हाथ साफ
HNN /शिमला
राजधानी शिमला के पॉश एरिया लोअर देवनगर में चोरों ने घर में सेंधमारी कर सोने-चांदी के आभूषणों सहित नकदी पर हाथ साफ कर लिया। वहीं, रीतू बाला ने इस बाबत पुलिस थाना छोटा शिमला में शिकायत दर्ज करवाई है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़िता ने बताया कि वह किसी काम से अपने घर से बाहर गई हुई थी। उसने बताया कि जब वह वापस लौटी तो उसने देखा कि घर का ताला टूटा हुआ था और अंदर सारा सामान बिखरा हुआ था। यह देखकर वह दंग रह गई।
पीड़िता ने बताया कि उसने घर में सोने का हार, 2 सोने की अंगूठियां, एक हार की चेन पेंडेंट, एक जोड़ी पायल (चांदी) और 25 हजार नकदी रखी हुई थी, जिन्हें कोई अज्ञात चोर उड़ा ले गए है। वहीं जिला में निरंतर बढ़ती जा रही चोरी की घटनाओं के चलते लोगों में भी दहशत का माहौल है।