चोर ने घर में लगाई सेंध, नकदी सहित आभूषणों पर किया हाथ साफ
HNN/ ऊना
जिला ऊना में थाना गगरेट के तहत कुठेड़ा जसवालां गांव के वार्ड पांच में एक चोरी की वारदात पेश आई है, यहां शातिरों ने घर में सेंधमारी कर नकदी सहित आभूषणों पर हाथ साफ कर लिया है। पीड़िता कुठेड़ा जसवालां के वार्ड नंबर-5 की निवासी सोनिया (35) ने इस बाबत पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। वहीं शिकायतकर्ता के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में सोनिया ने बताया कि वह पति के साथ किसी काम के सिलसिले में लुधियाना गए थे। उन्होंने बताया कि जब वह घर वापस लौटे तो घर और बाथरूम के दोनों दरवाजे टूटे हुए थे। अंदर जाकर देखा तो सारा सामन इधर-उधर बिखरा हुआ था।
पीड़िता ने बताया कि जब उसने अलमारी खुली हुई देखी तो उसमे 15,000 रुपए की नकदी और सोने और चांदी के अभूषण मौजूद नहीं थे। बता दें सेंधमारी की वारदात को अंजाम देने वाला शातिर घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। ग्रामीणों के मुताबिक, चोर पास के गांव जाडला का निवासी है। डीएसपी अंब वसुधा सूद ने खबर की पुष्टि की है।