Loading...

शातिरों ने घर से चोरी किए बर्तन व सिलेंडर, मामला दर्ज

PARUL • 26 May 2024 • 1 Min Read

HNN/बिलासपुर

जिला बिलासपुर शहर के डियारा सेक्टर के एक घर से बर्तन एवं रसोई गैस के सिलेंडर चोरी होने का मामला संज्ञान में आया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस में दर्ज शिकायत में दिनेश राजपूत पुत्र मान सिंह राजपूत निवासी डियारा वार्ड जिला बिलासुपर ने बताया कि उनका एक मकान चंडीगढ़ में भी है।

वह इन दिनों परिवार सहित चंडीगढ़ में रहते हैं। वह गत 24 मई को दो तीन महीनों बाद अपने मकान को देखने के लिए बिलासपुर में आए थे। लेकिन उन्होंने घर का एक दरवाजा व किचन के साथ स्टोर वाला दरवाजा खुला हुआ पाया। जब उन्होंने घर के अंदर जाकर देखा तो घर के अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा हुआ था तथा ट्रंक खोले गए थे।

जब उन्होंने घर के सारे सामान को चेक किया तो एक पीतल की बड़ी घागर, एक कड़ाई, एक परात, एक पतीला व रसोईघर से एक गैस सिलेंडर गायब पाया। उन्होंने पुलिस शिकायत में एक स्थानीय व्यक्ति द्वारा सामान चोरी करने की आंशका जताई है। डीएसपी जिला मुख्यालय मदन धीमान ने मामले की पुष्टि की है।