शातिरों ने डिजिटल मार्केटिंग का झांसा देकर महिला से ठगे 4.26 लाख रुपए
HNN/ ऊना
जिला ऊना के गांव रौणखर में डिजिटल मार्केटिंग का झांसा देकर एक महिला के साथ लाखों रुपए की धोखाधड़ी हुई है। पीड़िता श्वेता ने इस बाबत पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। वहीं शिकायतकर्ता के आधार पर पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता महिला ने बताया कि कि 17 अक्तूबर को उसके मोबाइल पर एक मैसेज आया, जिसमें एक विज्ञापन था। उस विज्ञापन के जरिए डिजिटल मार्केटिंग पाठ्यक्रम बेचे जा रहे थे। महिला ने बताया कि जिस कंपनी की ओर से यह मैसेज आया, उसका नाम वैभव ग्लोबल लिमिटेड लिखा हुआ था।
पीड़िता ने बताया कि उस विज्ञापन में उसे एक वेबसाइट पर पंजीकरण करने के लिए कहा गया। पंजीकरण किया तो उसे एक छोटी राशि निवेश करने के लिए कहा गया। जिसके बाद उस राशि पर रिटर्न वापस मिल गया। उसके बाद जब बड़ी राशि लगाई तो उक्त कंपनी से जुड़े लोगों ने राशि को लौटाने से पहले उसे दिए टास्क पूरे करने को कहा।
महिला ने बताया कि उसे टास्क पूरे करने का प्रयास किया लेकिन अभी भी दो टास्क बचे हैं। वहीं आरोपियों के पास महिला की करीब 4.26 लाख रुपये की राशि पड़ी है। आरोपी उस राशि को टास्क पूरे होने से पहले वापस करने से इनकार कर रहे हैं। डीएसपी हेडक्वार्टर अजय ठाकुर ने खबर की पुष्टि की है।