Loading...

शातिरों ने 2 दुकानों में लगाई सेंध, 80 हजार के हार व नकदी लेकर हुए फरार

By Ankita Published: 30 Mar 2024, 4:04 PM | Updated: 30 Mar 2024, 4:04 PM 1 min read

HNN/ मंडी

जिला मंडी के उपमंडल सरकाघाट के तहत डबरोग और डली में 2 अलग-अलग दुकानों में चोरी की घटनाएं घटित हुई। जिनमें चोर करीब 80 हजार के हार व 20 हजार की नकदी चुराने में कामयाब हो गए। इस घटना में पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

दोनों घटनाएं एक ही तर्ज पर की गई हैं। लोग इन घटनाओं से सहम उठे हैं। पुलिस ने भी चोरों की धरपकड़ के लिए अपना अभियान तेज कर दिया है। दोनों ही घटनाओं में समानता होने से लग रहा है कि चोरों के किसी गिरोह ने इन घटनाओं को अंजाम दिया है।

पहली घटना सरकाघाट की है, इसमें ग्राम पंचायत समैला के गांव पारगी से संबंध रखने वाले कमलेश कुमार पुत्र शंकर दास ने पुलिस थाना सरकाघाट में शिकायत दर्ज करवाई है। कमलेश कुमार ने पुलिस को बताया कि डबरोग सरकाघाट में मेरी ईशु कॉस्मेटिक की दुकानें है।

उसने बताया कि रात को कोई व्यक्ति दुकान से करीब 70 हजार के नोट व 10 हजार रुपये नकदी उड़ा ले गया है। वहीं डली में भी इसी रात को एक दुकान से दस हजार के हार व नकदी चोरी हुई है।

पुलिस ने दोनों मामलों में अज्ञात चोरों के खिलाफ धारा 457, 380, 34 धारा के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। थाना प्रभारी सरकाघाट रजनीश ठाकुर ने बताया अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की जा रही है।