शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म, आरोपी सहित 4 लोगों पर केस
HNN/ ऊना
महिला थाना ऊना के तहत एक गांव की युवती के साथ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़िता युवती ने इस बाबत आरोपी सहित 4 लोगों के खिलाफ पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। वहीं शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी युवक सहित युवक के चाचा, जीजा व भाई के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़िता युवती ने बताया कि वह अपनी बहन के साथ नालागढ़ में रहती थी। यही पर ऊना का एक युवक पिछले साढ़े तीन वर्ष से नालागढ़ कंपनी में काम करता था। जान पहचान होने के बाद युवक ने उसे बहला फुसला कर अपने कमरे ले गया, जहां पर उससे शादी का झांसा देकर जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए।
युवती का आरोप है कि जब वह युवक के घर गई तो युवक के चाचा, जीजा व भाई ने उसे जबरदस्ती दूसरे कमरे में धक्का मार दिया और कमरा बंद कर जबरदस्ती गलत काम करने लगे थे। युवती ने बताया कि कई बार शारीरिक संबंध बनाने के चलते वह गर्भवती भी हो गई, जिसके चलते युवक ने दवा खिलाकर बच्चा गिरा दिया। एएसपी ऊना संजीव भाटिया ने मामले की पुष्टि की है।