शाहपुर में युवाओं ने नशे के खिलाफ दौड़ लगाकर दिया संदेश, विजेताओं को किया गया सम्मानित
शाहपुर
लॉरेंस स्कूल द्वारा आयोजित मैराथन में उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने की शिरकत, विजेताओं को दिए नकद पुरस्कार
लॉरेंस पब्लिक स्कूल शाहपुर की ओर से शुक्रवार सुबह नशे के खिलाफ जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश विधानसभा के उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि एसडीएम शाहपुर करतार चंद विशेष अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए।
युवाओं को नशे से दूर रखने का संदेश
अपने संबोधन में केवल सिंह पठानिया ने कहा कि शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में युवाओं को नशे के दलदल से बाहर निकालने के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। लॉरेंस स्कूल द्वारा आयोजित यह मैराथन इस अभियान को एक नई दिशा देने वाला प्रयास है। उन्होंने बताया कि सरकार खेल और शिक्षा क्षेत्र को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर गंभीर निर्णय ले रही है।
खेल गतिविधियों को मिलेगा और अधिक बढ़ावा
उपमुख्य सचेतक ने बताया कि शाहपुर के चंबी मैदान में लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से पेवेलियन का निर्माण किया जाएगा, जिससे क्षेत्र की खेल गतिविधियों को नई ऊर्जा मिलेगी।
विजेताओं को सम्मान और नकद पुरस्कार
इस दौरान ओपन श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले मानवी अवस्थी और क्षितिज को उपमुख्य सचेतक ने 5100-5100 रुपये की नकद राशि देकर सम्मानित किया। साथ ही स्कूल की वार्षिक पत्रिका का विमोचन भी किया गया।
मैराथन में शानदार प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागी
चार श्रेणियों में आयोजित इस मैराथन में विजेताओं की सूची इस प्रकार रही:
अंडर-12 (लड़के): समांश (प्रथम), आरिव कटोच (द्वितीय), जतिन (तृतीय)
अंडर-12 (लड़कियां): आदिति (प्रथम), यामनी (द्वितीय), मोक्षिका (तृतीय)
अंडर-14 (लड़के): अग्रिम राणा (प्रथम), मनन (द्वितीय), अर्चित चंदेल (तृतीय)
अंडर-14 (लड़कियां): कशिश (प्रथम), गुंजन (द्वितीय), अन्वी मन्हास (तृतीय)
अंडर-16 (लड़के): आरुष (प्रथम), सत्यम गर्ग (द्वितीय), मनन (तृतीय)
अंडर-16 (लड़कियां): रितु राणा (प्रथम), राधिका (द्वितीय), सुहानी (तृतीय)
ओपन श्रेणी (लड़कियां): मानवी अवस्थी (प्रथम), जानवी अवस्थी (द्वितीय), एकता (तृतीय)
ओपन श्रेणी (लड़के): क्षितिज (प्रथम), संयम ठाकुर (द्वितीय), हर्षप्रीत सिंह (तृतीय)
विशेष उपस्थिति
कार्यक्रम के दौरान प्राचार्य नीलोफर महाजन, राजीव उपमन्यु, बिंदु राणा, थाना प्रभारी करतार ठाकुर, विनय ठाकुर, तनुज महाजन और संजीव संजी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।