लेटेस्ट हिमाचल प्रदेश न्यूज़ हेडलाइंस

शिक्षा क्षेत्र पर इस वित्त वर्ष में खर्च किए जा रहे 8828 करोड़ रुपए- संजय अवस्थी

PARUL | 10 जनवरी 2024 at 1:54 pm

Share On WhatsApp Share On Facebook Share On Twitter

संजय अवस्थी ने कोहू स्कूल में आयोजित वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह को किया संबोधित

HNN/सोलन

मुख्य संसदीय सचिव (लोक निर्माण, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग) संजय अवस्थी ने कहा कि प्रदेश सरकार इस वित्त वर्ष में शिक्षा क्षेत्र में 8828 करोड़ रुपए व्यय कर रही है। संजय अवस्थी सोलन ज़िला के अर्की विधानसभा क्षेत्र के राजकीय उच्च विद्यालय कोहू में आयोजित वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। मुख्य संसदीय सचिव ने कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही युवा पीढ़ी को हर चुनौती के लिए तैयार किया जा सकता है।

हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें: Join WhatsApp Group

राज्य सरकार इस दिशा में गम्भीर है और प्राथमिक स्तर से लेकर उच्च स्तर तक शिक्षा क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जहां पहली कक्षा से प्रदेश में अंग्रेजी माध्यम से शिक्षा प्रदान की जाएगी वहीं व्यावसायिक स्तर पर वर्तमान समय की मांग के अनुरूप पाठ्यक्रम आरम्भ किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस और ड्रोन तकनीक में युवाओं के पास रोज़गार और स्वरोज़गार के बेहतर अवसर हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार यह भी सुनिश्चित बना रही है कि विद्यालय स्तर पर अधोसंरचना सुदृढ़ हो। प्रदेश के सभी राजकीय विद्यालयों में चरणबद्ध आधार पर स्मार्ट कक्षाएं स्थापित की जा रही हैं। इनके लाभ सभी युवाओं को प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में खाली पड़े पदों को भी चरणबद्ध आधार पर प्रक्रिया जारी है। संजय अवस्थी ने कहा कि शिक्षा और संस्कार के सामंजस्य से ही युवा परिपक्व बनते हैं। उन्होंने छात्रों से आग्रह किया कि अपने संस्कारों और रीति रिवाज़ों को अपनाएं और अपने अध्यापकों से प्रश्न पूछने में न घबराएं।

उन्होंने कहा कि ज्ञान अर्जित करने के लिए प्रश्नों के रूप में भी शोध किया जाता है। उन्होंने इस अवसर पर युवाओं से आग्रह किया कि स्वरोज़गार को नई दिशा प्रदान करने वाली 680 करोड़ रुपए की महत्वाकांक्षी राजीव गांधी स्वरोज़गार योजना से अपने युवा साथियों को अवगत करवाएं। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि सौर ऊर्जा के माध्यम से स्वावलम्बी बनने की सौर ऊर्जा योजना का लाभ उठाएं।

संजय अवस्थी ने राजकीय उच्च विद्यालय कोहू के खेल मैदान में सुरक्षा दीवार निर्माण के लिए एक लाख रुपए, राजकीय उच्च विद्यालय कोहू में अतिरिक्त दो कमरो के निर्माण के लिए 03 लाख रुपए, राजकीय प्राथमिक विद्यालय कोहू में अतिरिक्त एक कमरे के निर्माण के लिए एक लाख रुपए तथा स्कूल में बैडमिंटन कोर्ट निर्माण के लिए 50 हजार रुपए प्रदान करने की घोषणा की।

मुख्य संसदीय सचिव ने इस अवसर पर विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया। इस अवसर पर स्कूल के छात्रों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। मुख्य संसदीय सचिव ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले छात्रों को 2100 रुपए तथा आयोजन समिति को 21 हजार रुपए देेने की घोषणा भी की। उन्होंने इस अवसर पर लोगों की समस्याएं सुनी और इनके शीघ्र निराकरण के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए।

हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें

ताज़ा खबरों और अपडेट्स के लिए अभी हमारे WhatsApp ग्रुप का हिस्सा बनें!

Join WhatsApp Group

आपकी राय, हमारी शक्ति!
इस खबर पर आपकी प्रतिक्रिया साझा करें


[web_stories title="false" view="grid", circle_size="20", number_of_stories= "7"]