शिक्षा मंत्री ने पांवटा साहिब में भारी बारिश से हुए नुक्सान का लिया जायजा
रोहित ठाकुर ने राहत एवं पुनर्वास कार्यों की भी की समीक्षा
HNN/ पांवटा साहिब
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने आज अपने सिरमौर प्रवास के दौरान पांवटा साहिब में उप-मंडल स्तरीय प्रशासन तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ पांवटा क्षेत्र में भारी बारिश से हुये नुक्सान की समीक्षा की।
शिक्षा मंत्री सिरमौर जिला में भारी बारिश के कारण हुए नुक्सान का जायजा और राहत एवं पुनर्वास सम्बन्धी कार्यों की समीक्षा के लिए नियुक्त प्रभारी मंत्री के रूप में सिरमौर प्रवास पर है। इस अवसर पर उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान विशेष रूप से उपस्थित रहे।
शिक्षा मंत्री ने इस अवसर अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी बाधित सड़कों, पेयजल योजनाओं और बिजली आपूर्ति को शीघ्र बहाल किया जाये। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभाग आपदा की इस घड़ी में प्रशंसनीय कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि लगातार बरसात होने से नुक्सान भी बढ़ रहा है इसलिए विभागों को और मुस्तैदी के साथ राहत एवं बचाव कार्यों में लगना चाहिए। शिक्षा मंत्री ने बताया कि पांवटा क्षेत्र में भारी बारिश के कारण दो लोगों की जानें गई हैं।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में 87 मकानों को भारी बारिश के कारण नुक्सान पहुंचा है और नुक्सान का आंकड़ा करीब 28 लाख रुपये है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में 36 गौशालाओं को नुक्सान हुआ है जिस पर 2.47 लाख रुपए नुक्सान का अनुमान है।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग को 4.49 करोड़ रुपए का नुक्सान आंका गया है जबकि राष्ट्रीय उच्च मार्ग को 3.56 करोड़ रुपए का नुक्सान हुआ है। जल शक्ति विभाग को 17.09 करोड़, विद्युत बोर्ड को 78.72 लाख का नुक्सान हुआ है।
इसी प्रकार कृषि विभाग को 9.88 करोड़ रुपए तथा उद्यान विभाग को 7.90 लाख रुपए के नुक्सान का अनुमान है। शिक्षा विभाग को 2.90 लाख, पशुपालन को 4.30 लाख तथा पंचायती राज संस्थानों को 5.35 करोड़ रुपए का नुक्सान हुआ है।
शिक्षा मंत्री ने पांवटा स्थित विश्रामगृह में जन समस्यायें भी सुनी। पांवटा पहुंचने पर शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर और उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान का स्थानीय लोगों ने जोरदार स्वागत किया गया। शिक्षा मंत्री ने नाहन से पांवटा के मध्य भारी बारिश से हुए नुक्सान का जायजा भी लिया तथा प्रभावित लोगों से मुलाकात की।
पांवटा साहिब में अधिकारियों से बैठक करने के उपरांत शिक्षा मंत्री और उद्योग मंत्री शिलाई क्षेत्र में नुक्सान का जायजा लेने के लिए रवाना हुए।