शिक्षा विभाग में 778 अंशकालीन जलवाहकों की सेवाएं हुईं नियमित , शिक्षा मंत्री ने दी जानकारी
शिमला
शिक्षा विभाग में 778 अंशकालीन जलवाहकों की सेवाओं को किया गया नियमित
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने घोषणा की है कि हिमाचल प्रदेश सरकार ने शिक्षा विभाग में कार्यरत 778 अंशकालिक जलवाहकों की सेवाओं को नियमित कर दिया है। उन्होंने बताया कि जिन जलवाहकों ने 31 मार्च, 2025 तक 11 वर्ष की सेवाएं पूर्ण कर ली थीं, उन्हें अब चतुर्थ श्रेणी के रिक्त पदों पर नियुक्त किया गया है।
शिक्षा क्षेत्र में सरकार के क्रांतिकारी कदम
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में वर्तमान सरकार ने शिक्षा क्षेत्र में कई क्रांतिकारी कदम उठाए हैं। इसके परिणामस्वरूप शिक्षा के स्तर में गुणात्मक सुधार देखने को मिल रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार विभिन्न श्रेणियों के 15,000 रिक्त पदों को भरने के लिए प्रतिबद्ध है। इसमें प्राथमिक शिक्षा विभाग में 3900 पद और 3100 पद हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग के माध्यम से भरे जाएंगे।
नर्सरी शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू
प्रारंभिक शिक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 6200 नर्सरी अध्यापकों की नियुक्ति की जा रही है। इसके अलावा, प्रदेश भर में 200 से अधिक कार्यवाहक प्रधानाचार्यों की सेवाएं भी नियमित की गई हैं। उच्च शिक्षा विभाग में 483 सहायक प्रोफेसर के पद भी भरे जा चुके हैं।
पूर्व सरकार की निष्क्रियता पर कटाक्ष
रोहित ठाकुर ने पूर्व भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके शासनकाल के दौरान शिक्षा क्षेत्र में नियुक्तियों की प्रक्रिया ठप पड़ी हुई थी। वर्तमान सरकार ने पिछले अढ़ाई वर्षों में 700 लेक्चरर की नियुक्ति की है, जबकि भाजपा शासन में 511 लेक्चरर ही नियुक्त हुए थे।
शिक्षा गुणवत्ता में सुधार के संकेत
शिक्षा मंत्री ने बताया कि जनवरी 2025 में जारी वार्षिक शिक्षा रिपोर्ट के अनुसार, हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों के पढ़ने का स्तर देशभर में सर्वश्रेष्ठ है। इस सर्वेक्षण के अधिकांश मापदंडों पर हिमाचल प्रदेश को देशभर में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाला राज्य आंका गया है।