शिमला-चंडीगढ़ हाईवे पर बड़ा हादसा : तेज रफ्तार की वजह से दो कारों में टक्कर, टैक्सी पलटी
Himachalnow / शिमला
शिमला-चंडीगढ़ नेशनल हाइवे पर संकटमोचन मंदिर के पास रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में दो कारों के बीच जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें हिमाचल प्रदेश की टैक्सी (HP-01-A-3165) सड़क पर पलट गई। दिल्ली की कार (DL-3CBM-3259) को भी इस टक्कर में भारी नुकसान हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तेज गति इस दुर्घटना का मुख्य कारण बताई जा रही है।
हादसे के वक्त, शिमला की टैक्सी और दिल्ली की कार तेज रफ्तार में थीं। बताया जा रहा है कि टैक्सी चालक ने अचानक रास्ता बदलने की कोशिश की, जिससे दिल्ली नंबर की कार से उसकी ज़ोरदार टक्कर हो गयी । इस टक्कर के चलते टैक्सी सड़क पर पलट गई। हादसे में टैक्सी चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए आईजीएमसी अस्पताल ले जाया गया। हालाँकि दिल्ली की कार में सवार लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं।
दुर्घटना के कारण हाईवे पर लंबा जाम लग गया और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। यात्रियों को इस दौरान काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने मिलकर यातायात को बहाल करने का प्रयास किया, लेकिन जाम खुलने में काफी समय लग गया।
प्रारंभिक जांच में बालूगंज पुलिस ने पाया कि यह हादसा तेज रफ्तार और यातायात नियमों के उल्लंघन के कारण हुआ। पुलिस ने मामले को दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। लगातार हो रहे ऐसे हादसों के बावजूद, कई वाहन चालक नियमों की अनदेखी कर रहे हैं, जिससे सड़क पर जानलेवा स्थितियां बन रही हैं।