शिमला पहुंची राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, राज्यपाल ने किया स्वागत
HNN/शिमला
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने 5 दिवसीय दौरे को लेकर शिमला पहुंच गई हैं। राष्ट्रपति का हैलीकॉप्टर छराबड़ा के कल्याणी हैलीपैड पर लैंड हुआ। इस दौरान राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने राष्ट्रपति का शिमला पहुंचने पर पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
बता दें कि अपने 5 दिवसीय दौरे के दौरान राष्ट्रपति शिमला स्थित राष्ट्रपति निवास दी रिट्रीट में रुकेंगी। इस दौरान दी रिट्रीट राष्ट्रपति निवास आम जनता और पर्यटकों के लिए बंद रहेगा। उनका 6 मई को धर्मशाला स्थित केंद्रीय विश्वविद्यालय के 7वें दीक्षांत समारोह में शिरकत करने का कार्यक्रम है, जहां वह 709 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान करेंगी।
7 को सुबह संकट मोचन व तारादेवी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगी और दोपहर बाद मालरोड, रिज मैदान में सैर करेंगी। शाम को गेयटी थियेटर में सांस्कृतिक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी। 7 मई को राजभवन में राष्ट्रपति को स्टेट डिनर दिया जाएगा।
स्टेट डिनर में उन्हें गुच्छी व लिंगड़ की सब्जी परोसी जाएगी, साथ ही विशेष रूप से मिलेट्स की रोटी भी परोसी जाएगी। राष्ट्रपति 8 मई को सुबह शिमला से वापस दिल्ली के लिए रवाना होंगी।