Loading...

शिमला-मटौर हाईवे पर मंगरोट में भूमि विवाद फिर उफान पर , व्यक्ति ने रास्ता वन-वे कर वाहनों की आवाजाही रोकी

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 31 May 2025 • 1 Min Read

बिलासपुर

झाड़ियां लगाकर रास्ते को किया एकतरफा, प्रशासन की चेतावनी के बावजूद दोबारा की गई कार्रवाई

मंगरोट में दोबारा बंद हुआ सड़क का हिस्सा
शिमला-मटौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगरोट के पास जमीन विवाद एक बार फिर सड़क बंदी का कारण बना। राजनकांत नामक व्यक्ति ने करीब दो मीटर सड़क पर झाड़ियां रखकर रास्ते को वन-वे कर दिया, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। यह कदम उस जमीन को लेकर उठाया गया है जो राजनकांत की मां सीता देवी के नाम दर्ज है।

पुराना विवाद फिर सामने आया
यह भूमि विवाद वर्ष 2022 से चला आ रहा है। निशानदेही के दौरान 17 बिस्वा जमीन सीता देवी के नाम पर चिन्हित हुई थी, जिसकी रिपोर्ट तहसीलदार द्वारा एसडीएम कोर्ट को सौंपी जा चुकी है। राजनकांत पहले भी 3 अप्रैल को प्रशासन को चेतावनी दे चुका था कि यदि एक सप्ताह में कब्जा नहीं हटाया गया तो वह मार्ग बंद कर देगा।

प्रशासन मौके पर, रास्ता बहाल नहीं
घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम सदर राजदीप सिंह ने राजस्व विभाग और पुलिस टीम को मौके पर भेजा , एसडीएम ने बताया कि मामले में नई फाइल रिपोर्ट तलब की गई है और आगे की कार्रवाई उसी के आधार पर की जाएगी।

पुलिस ने की त्वरित प्रतिक्रिया
डीएसपी बिलासपुर मदन धीमान ने पुष्टि की कि व्यक्ति ने एनएच पर दोबारा झाड़ियां रखकर रास्ता संकुचित कर दिया है। मौके पर पुलिस दल भेजा गया है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।