HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में वीकेंड पर ही नहीं बल्कि अन्य दिनों में भी सैलानियों की भीड़ उमड़ने लगी है। पहले जहां वीकेंड पर ही सैलानी पहाड़ों का रुख करते थे तो वहीं अब अन्य दिनों में भी यहां के पर्यटन स्थल सैलानियों से गुलजार होने लगे हैं। शिमला में बढ़ रही सैलानियों की आवाजाही से होटल कारोबारियों के चेहरे खिल उठे हैं। होटल कारोबारियों की मानें तो क्रिसमस और न्यू ईयर के लिए उन्होंने अभी से ही तैयारियां शुरू कर दी हैं।
कारोबारियों ने उम्मीद जताई कि क्रिसमस और न्यू ईयर पर शहर के होटलों में शत प्रतिशत ऑक्युपेंसी रहेगी जिससे पर्यटन कारोबार को रफ्तार मिलेगी। वहीँ, पर्यटन विकास निगम और शहर के निजी होटलों ने क्रिसमस और न्यू ईयर के लिए पैकेज जारी करने शुरू कर दिए हैं। ट्रेवल एजेंट्स ने भी दिल्ली और चंडीगढ़ से शिमला और मनाली के लिए टूर पैकेज जारी किए हैं।
उधर, टूरिज्म इंडस्ट्री स्टेक होल्डर्स एसोसिएशन के मुख्य सलाहकार गोपाल अग्रवाल ने कहा कि पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों से सैलानी शिमला का रुख कर रहे हैं। इन दिनों होटलों में ऑक्युपेंसी भी अच्छी खासी चली हुई है जिससे पर्यटन कारोबार को रफ्तार मिल रही है। उन्होंने बताया कि आगामी दिनों के दौरान भी शिमला में सैलानियों की भारी भीड़ उमड़ेगी।

