शिमला में भयंकर सड़क हादसा : थार और सैंट्रो की टक्कर, एयरबैग ने बचाई जान
HNN/शिमला
शिमला-सोलन हाईवे पर शोघी के पास एक भयंकर सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक थार और सैंट्रो गाड़ी के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। घटना शनिवार सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है। दोनों वाहनों में 5 लोग सवार थे, जो सभी सुरक्षित हैं। हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन दोनों गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए।
पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे का कारण ओवरटेक बताया जा रहा है। हिमाचल नंबर की गाड़ी सोलन से शिमला की तरफ आ रही थी और ओवरटेक कर रही थी, जिसकी रफ्तार अत्यधिक थी। इस दौरान शिमला से सोलन की तरफ जा रही उत्तराखंड नंबर की थार के साथ उसकी टक्कर हो गई। गनीमत यह रही कि दोनों गाड़ियों में एयरबैग लगे हुए थे, जिसकी वजह से घटना में किसी की जान नहीं गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों के बयान कलमबद्ध करके आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने दोनों वाहनों को भी निकाल दिया है। यह हादसा सड़क सुरक्षा की महत्ता को एक बार फिर से उजागर करता है और ओवरस्पीडिंग से होने वाले खतरों के प्रति आगाह करता है।