शिमला में भीषण आग: सेरी गांव में चार घर जलकर राख, लाखों की सम्पति नष्ट
Himachalnow/शिमला
हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के रोहड़ू उपमंडल के समरकोट इलाके के सेरी गांव में सोमवार तड़के भीषण आग लग गई। इस घटना में चार घर जलकर राख हो गए और लाखों की सम्पति नष्ट हो गई।
आग लगने की वजह शार्ट सर्किट मानी जा रही है। गनीमत यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। आग की जद में आये घरों के बगल के एक घर में शादी का आयोजन चल रहा था। आग ने पशु शालाओं को भी अपने आगोश में ले लिया। इस घटना में एक गाय की जिंदा जलने से मौत हो गई।
दमकल की चार गाड़ियों को आग बुझाने में करीब साढ़े तीन घण्टे लग गए। रोहड़ू से दो और चिडग़ांव व जुब्बल से एक-एक दमकल वाहन ने आग पर काबू पाकर पूरे गांव को खाक होने से बचाया। आग में सब कुछ गंवा देने से कई परिवार अब खुले आसमान के नीचे आ गए हैं।
रोहड़ू के डीएसपी रविन्द्र नेगी ने बताया कि अग्निकांड की इस घटना में चार घर पूरी तरह से राख हुए हैं। हालांकि किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। पशुशाला में बंधी एक गाय की भी जिंदा जलने से मौत हुई है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।