शिमला में युवक की हत्या कर जलाया शव, 11 दिन बाद मामला दर्ज
HNN/शिमला
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में एक युवक की हत्या कर उसके शव को जलाने की वारदात पेश आई है। युवक को पीट-पीट कर मारने और सबूत मिटाने के लिए उसके शव को जलाने के आरोप हैं। मृतक की पहचान 38 वर्षीय टीकमचंद गांव बझोल तहसील सुन्नी, शिमला के रूप में हुई है।
मृतक की मां तारा देवी ने 11 दिन बाद पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, घटना बालूगंज थाना क्षेत्र के पनेश पंचायत की है। मृतक की मां ने बताया कि टीकमचंद पिछले 8-9 सालों से खरयाड़ गांव में सेवानंद के घर में मजदूरी का काम करता था।
बीती 22 मार्च को सेवानंद की पत्नी प्रभा ने उन्हें फोन कर सूचित किया कि उनके बेटे की गिरने से मौत हो गई है और शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया है। तारा देवी ने पुलिस को बताया कि स्थानीय लोगों से उसे पता चला कि 21 मार्च को उसका बेटा शीतला माता मंदिर गया था, जहां ग्रामीणों ने चोरी के शक में उसे बहुत पीटा।
पीटने के कारण टीकमचंद की मौत हो गई। जिसके बाद लोगों ने उसके शव को जला दिया। मृतक की मां का आरोप है कि उसके बेटे को मारकर और शव को जलाकर सबूत मिटाए गए हैं। डीएसपी सिटी मानविंदर ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।