शिमला से माता भंगायणी मंदिर हरिपुरधार-लानी बोराड़ के लिए शुरू हुई “प्रथम दर्शन बस सेवा”
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शिमला में किया बस सेवा का शुभारंभ
HNN/शिमला
प्रदेश सरकार की ओर से हिमाचल पथ परिवहन निगम द्वारा धार्मिक टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए “प्रथम दर्शन बस सेवा ” के नाम से इस त्यौहार के सीजन पर क्षेत्रवासियों को उपहार के तौर पर शिमला-माता भंगायणी मंदिर हरिपुरधार-लानी बोराड़ के लिए प्रथम दर्शन बस सेवा शुरू की गई है। इस बस सेवा का शुभारंभ उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री द्वारा शिमला से किया गया है।
बड़ी बात तो यह है कि बस सेवा से सिरमौर के तीन विधानसभा क्षेत्रों रेणुका जी, पच्छाद व शिलाई के साथ-साथ सोलन को भी फायदा मिलेगा। तो वहीं शिमला जिला के कुपवी उपमंडल के ग्रामीण भी फायदा उठा सकते है। बता दें कि यह बस शिमला से सुबह 6.30 बजे चलेगी, दोपहर 1.30 बजे माँ भंगायणी मंदिर पहुंचेगी और दोपहर 3 बजे लानी बोराड़ पहुंचेगी। अगले दिन संगड़ाह लानी बोराड़ से सुबह 8:05 पर शिमला की रवानगी के दौरान सुबह 10:10 पर मंदिर से शिमला के लिए निकलेगी और शाम 6:25 पर राजधानी पहुंचेगी।
बता दें कि एक तरफ का किराया 456 रुपये तय किया गया। निगम द्वारा दी जाने वाली छूट भी बस सेवा में उपलब्ध होगी। खास बात ये भी है कि इलाके के लानी गांव में मंगलवार दोपहर पहली बार बस पहुंचेगी। श्री रेणुका जी विधायक विनय कुमार का कहना है कि इस बस सेवा के शुरू होने से क्षेत्रवासियों को धार्मिक पर्यटन के क्षेत्र में बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों की ओर से हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू एवं हिमाचल प्रदेश के उप मुख्यमंत्री व परिवहन मंत्री मुकेश अग्निहोत्री का आभार प्रकट किया है।
उन्होंने कहा कि इस बस सेवा के शुरू होने से क्षेत्रवासियों को धार्मिक पर्यटन के क्षेत्र में बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए ही एचआरटीसी ने इस बस सेवा को शुरू किया है, ताकि श्रद्धालुओं को माता के दरबार तक पहुंचने और वहां से वापिस आने में कोई परेशानी ना हो। उधर, शिमला में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि धार्मिक टूरिजम को बढ़ावा हमारा लक्ष्य है।
