शिलाई में विशाल जनसभा में मुख्यमंत्री ने भाजपा पर भी किया जुबानी हमला
बागी विधायकों पर तंज कसते हुए सुक्खू बोले- गंगा मैली हो गई पापियों के पाप धोते-धोते
HNN/ शिलाई
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बागी विधायकों पर तंज कसते हुए कहा कि गंगा मैली हो गई है, पापियों के पाप धोते-धोते। अभी जितना चाहे उड़ लो, लेकिन अब जनता उनको उड़ाएगी। जिला सिरमौर के शिलाई विधानसभा क्षेत्र में करोड़ों रुपये की योजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास करने के बाद विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भाजपा पर भी खूब निशाना साधा।
मुस्कुराते हुए सुक्खू ने कहा कि जो लोग सत्ता की कुर्सी नोट के दम पर खरीदना चाहते हैं, वो कभी जनता के हो ही नहीं सकते। सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस के बागी विधायक कभी पंचकूला के आलीशान होटल में ठहरते हैं तो कभी ऋषिकेश पहुंचते हैं। अब ये भी सूचना आ रही है कि वे वहां से भी उड़ गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग कांग्रेस के टिकट पर चुन कर आए, उन्होंने पार्टी को धोखा दिया।
अब उनके मन में डर सता रहा है। इसलिए ये बागी हरिद्वार तक पहुंचे, लेकिन उनके पाप नहीं धुलने वाले हैं।इन विधायकों ने अपने विधानसभा क्षेत्रों में हजारों लोगों को धोखा दिया। इन्होंने अपनी विधायकी बेची। अब उनको देवी-देवता खुद भगा रहे हैं। सुक्खू ने कहा कि नोट के दम पर भाजपा कुर्सी हथियाने की कोशिश कर रही है। लेकिन ऐसा होने वाला नहीं, जनता इनको माफ नहीं करने वाली।
सुक्खू के भाषण के दौरान चेहरे पर मुस्कान दिखी। हंसी के ठहाके लगाते हुए उन्होंने जनता को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को एक-एक कर जनता के समक्ष रखा। कहा, भारतीय जनता पार्टी ने हर क्षेत्र में बुरा हाल किया। कांग्रेस सरकार के सत्ता परिवर्तन का अर्थ यही है कि सरकार की रोशनी प्रदेश के हर वर्ग, किसान, गरीब और आमजन पर पड़े। इसी क्षेत्र में सरकार काम करती आ रही है।
सुक्खू ने कहा कि उन्होंने जो कमाया वो भी जनता पर लगा दिया। कहा, लोकसभा चुनाव होने वाले हैं, लेकिन हिमाचल की जनता बीजेपी का साथ नहीं देगी। जनता स्वयं सबक सिखाएगी। उन्होंने जनता से भी आह्वान किया कि हिमाचल देवभूमि है। यहां की देव संस्कृति को बरकरार रखना है। कभी भी नोट के लिए काम करने वालों का साथ न दे। उन्होंने संबोधन के दौरान जनता से नारे भी लगवाए।