श्रमिकों को समय और पैसे की बचत, घर बैठे कर सकते हैं पंजीकरण
ऊना : हिमाचल प्रदेश में निर्माण श्रमिकों के कल्याण के लिए ‘सहयोग’ नामक एक नई पहल शुरू की गई है। श्रम कल्याण अधिकारी अमन शर्मा ने जानकारी दी कि इस पहल का उद्देश्य निर्माण श्रमिकों को उनके पंजीकरण और दावा फॉर्म भरने में सहायता प्रदान करना है।
यह पहल श्रमिकों की परेशानियों को समझने के बाद शुरू की गई है, ताकि वे बिना कार्यालय के चक्कर लगाए, घर बैठे ही अपने फॉर्म भर सकें और सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें। इस पहल के तहत ऊना जिले की प्रत्येक पंचायत में जागरूकता शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि कोई भी श्रमिक हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कल्याण बोर्ड की योजनाओं से वंचित न रह जाए।
शैक्षणिक संस्थानों से की गई पहल की शुरुआत
इस अभियान की शुरुआत शैक्षणिक संस्थानों से की गई है, जिसमें ऊना जिले के सभी सरकारी और निजी आईटीआई में जागरूकता शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। इन शिविरों में श्रमिकों को पंजीकरण प्रक्रिया, सरकारी लाभों और योजनाओं की पूरी जानकारी दी जा रही है।
पहले होती थी परेशानी, अब घर बैठे भर सकते हैं फॉर्म
अमन शर्मा ने बताया कि पहले राज्य भर के निर्माण श्रमिकों को पंजीकरण और दावा फॉर्म भरने के लिए जिला और ब्लॉक कार्यालयों में जाना पड़ता था। इससे समय और पैसे की बर्बादी होती थी। लेकिन अब ‘सहयोग’ पहल के तहत, श्रमिक या उनके बच्चे घर बैठे ही इन फॉर्मों को भर सकते हैं, जिससे उन्हें कार्यालय जाने की आवश्यकता नहीं होगी।
सोशल मीडिया पर वीडियो गाइडेंस की सुविधा
इस पहल के तहत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वीडियो श्रृंखला भी शुरू की गई है। इसमें स्टेप-बाय-स्टेप बताया गया है कि फॉर्म कैसे भरा जाए। साथ ही, नमूना फॉर्म भी उपलब्ध कराया गया है, ताकि श्रमिक आसानी से अपनी जानकारी भर सकें।
यह वीडियो यूट्यूब पर उपलब्ध हैं और कोई भी श्रमिक “श्रम कल्याण कार्यालय ऊना” या “लेबर वेलफेयर ऑफिस ऊना” सर्च करके इन्हें देख सकता है। इससे श्रमिकों को पंजीकरण और वित्तीय सहायता के दावा फॉर्म भरने में मदद मिलेगी।
हर श्रमिक तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना मुख्य उद्देश्य
अमन शर्मा ने बताया कि ‘सहयोग’ पहल का मुख्य मकसद हर श्रमिक तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। सभी निर्माण श्रमिक जो इस पहल का लाभ उठाना चाहते हैं, वे यूट्यूब पर उपलब्ध वीडियो देख सकते हैं और प्रक्रिया को समझ सकते हैं।

