नाहन / श्री रेणुका जी
अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम, मदद के लिए निकले थे अमित
कोटिधीमान सड़क पर हादसा बना मौत का कारण
श्री रेणुका जी थाना क्षेत्र की कोटिधीमान सड़क पर रविवार रात को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में ददाहू निवासी अमित अरोड़ा की मौत हो गई। मृतक जिला कल्याण अधिकारी विवेक अरोड़ा के रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। हादसा लाटियाण के पास रात करीब 8:30 बजे हुआ, जब अमित अपनी कार (HP 18C-6682) में कोटिधीमान की ओर जा रहे थे।
कार खाई में गिरी, अस्पताल में नहीं बचाई जा सकी जान
रास्ते में कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना के तुरंत बाद अमित को ददाहू अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद नाहन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वहां रात 12 बजे के करीब अमित की हालत बिगड़ने पर उन्हें बचाया नहीं जा सका।
मदद के लिए निकले थे घर से
परिजनों के अनुसार, अमित उस समय घर पर आराम कर रहे थे, लेकिन एक परिचित की गाड़ी खराब होने की सूचना मिलने पर उसकी मदद के लिए निकले थे। उसी दौरान यह दुखद घटना घटित हुई।
परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर
अमित की असामयिक मृत्यु से परिवार गहरे शोक में डूब गया है। बेटे की मौत की खबर सुनते ही उनकी मां की तबीयत भी बिगड़ गई है। शव का पोस्टमार्टम नाहन मेडिकल कॉलेज में किया जा रहा है। इस दर्दनाक हादसे से श्री रेणुका जी क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

