श्री रेणुका जी झील किश्ती के टेंडर ना होने से पर्यटक मायूस
झील की मर्यादा को ध्यान में रखकर करवाई जाती है बोटिंग, मगर इनकम सोर्स बंद
HNN/ श्री रेणुका जी
जिला सिरमौर के प्रमुख पर्यटन स्थल श्री रेणुका जी में इन दिनों धार्मिक पर्यटक काफी मायूस है। श्री रेणुका जी विकास बोर्ड व जिला सिरमौर प्रशासन झील में चलाई जाने वाली किश्तियों के टेंडर नहीं करवा पाए हैं। बता दें कि यह कश्तियां बीते एक डेढ़ माह से बंद पड़ी है। बंद किश्तियों के कई हिस्सों में अब जंग लगना भी शुरू हो चुका है।
हरियाणा से आए पर्यटक नरेंद्र, दिल्ली रोहिणी से आए पर्यटक राकेश राणा, सतपाल राणा, प्रीति कुंजन आदि का कहना है कि वह न केवल यहां मां रेणुका जी और परशुराम जी के दर्शन करने आते हैं बल्कि किश्तियों में झीलों का भ्रमण करना भी उनके टूर पैकेज में शामिल रहता है। इन लोगों का कहना है कि जब यहां आकर पता चलता है कि अभी किश्तियां नहीं चलाई जा सकती तो बड़ी मायूसी हाथ लगती है।
बता दें कि श्री रेणुका जी झील क्षेत्र वेटलैंड में आता है और यह अंतरराष्ट्रीय रामसर साइट का एक हिस्सा है। बावजूद इसके यहां पर जो बोटिंग की जाती है उसमें पवित्र झील की मर्यादा का पूरा ध्यान रखा जाता है। इस झील में जूते चप्पल डालकर बोटिंग करना या करवाया जाना प्रतिबंधित है। लोगों की मांग है कि जिला प्रशासन जल्द से जल्द इन किश्तियों के टेंडर लगाएं ताकि स्थानीय लोगों को रोजगार के साथ-साथ पर्यटन को भी पंख लग सके।