Loading...

संगड़ाह स्वास्थ्य खंड में नए बीएमओ सुनील कक्कड़ ने संभाला पदभार

By हिमांचलनाउ डेस्क नाहन Published: 7 Mar 2026, 2:04 PM | Updated: 7 Mar 2026, 2:04 PM 1 min read

संगड़ाह

जिला सिरमौर के स्वास्थ्य खंड संगड़ाह में नए खंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) के रूप में सुनील कक्कड़ ने कार्यभार संभाल लिया है। उनका तबादला चंबा जिले के किहार स्वास्थ्य खंड से संगड़ाह किया गया है। उन्होंने 2 मार्च को यहां पदभार ग्रहण किया और तत्कालीन बीएमओ डॉ अतुल भारद्वाज का स्थान लिया।

सुनील कक्कड़ स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में अनुभवी अधिकारी माने जाते हैं। उन्होंने पीजीआई चंडीगढ़ से अस्पताल प्रशासन में स्नातकोत्तर डिग्री हासिल की है। इससे पहले वे किहार में सेवाएं देने के साथ-साथ डॉ वाई.एस. परमार मेडिकल कॉलेज नाहन में डिप्टी एमएस के पद पर भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

पदभार संभालने के बाद सुनील कक्कड़ ने कहा कि संगड़ाह क्षेत्र के लोगों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध सुविधाओं को मजबूत करने, चिकित्सा स्टाफ के बेहतर समन्वय और मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध करवाने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।

उन्होंने यह भी कहा कि दूरदराज क्षेत्रों के लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं आसानी से मिलें, इसके लिए उप स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य संस्थानों की कार्यप्रणाली को और प्रभावी बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों को भी बढ़ावा दिया जाएगा, ताकि लोग बीमारियों से बचाव और समय पर उपचार के प्रति जागरूक हो सकें।

सुनील कक्कड़ ने कहा कि संगड़ाह जैसे पहाड़ी और दूरस्थ क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाना चुनौतीपूर्ण जरूर है, लेकिन विभागीय टीम और स्थानीय सहयोग के साथ बेहतर परिणाम देने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्रवासियों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।