संत रविदास के समरसता संदेश को लेकर नाहन व माजरा पहुंची कलश यात्रा, जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत
काशी से लाई गई पावन मिट्टी के कलश के दर्शन को उमड़े श्रद्धालु, डॉ. राजीव बिंदल बोले- संत रविदास के विचार आज भी समाज के लिए हैं प्रेरणास्रोत
हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन
संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश उत्सव के उपलक्ष्य में उनकी जन्मस्थली काशी (वाराणसी) से लाई गई पावन मिट्टी से सुशोभित राष्ट्रीय कलश यात्रा सोमवार को सिरमौर पहुंची।
नाहन और माजरा में यात्रा का श्रद्धा, आस्था और भक्ति के साथ भव्य स्वागत किया गया। विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा, जयघोष और गुरु वंदना के बीच पवित्र कलश का अभिनंदन किया। बड़ी संख्या में लोगों ने कलश के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी का समरसता, समानता, मानवता और आध्यात्मिक चेतना का संदेश आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि काशी से लाई गई यह पावन मिट्टी केवल एक कलश नहीं, बल्कि संत रविदास जी के उन अमर विचारों का प्रतीक है, जिन्होंने समाज को भेदभाव से ऊपर उठकर समानता और भाईचारे का मार्ग दिखाया।
उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता को मजबूत बनाने में संत रविदास जी के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। राष्ट्रीय कलश यात्रा उनके संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का ऐतिहासिक अभियान है। युवाओं को उनके आदर्शों को अपनाकर सेवा, सामाजिक सौहार्द और राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।
कलश यात्रा के दौरान नाहन और माजरा सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु, महिलाएं, युवा और वरिष्ठ नागरिक पहुंचे। श्रद्धालुओं ने पवित्र कलश के दर्शन कर माथा टेका तथा गुरु महाराज के जयघोषों से पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम के समापन पर समाज में समरसता, समानता, प्रेम और भाईचारे को और अधिक मजबूत बनाने का सामूहिक संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर विधायक सुख राम चौधरी, भाजपा जिला अध्यक्ष धीरज गुप्ता, मंडल अध्यक्ष मलकीत चौधरी, संगठन पदाधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।