संदिग्ध परिस्थितियों में हुई बीएसएफ जवान की मौत, जांच में जुटी पुलिस

By Ankita Published: 6 Jul 2023, 1:03 PM | Updated: 6 Jul 2023, 1:03 PM 1 min read

HNN/ बिलासपुर

जिला बिलासपुर में एक बीएसएफ जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। हालाँकि व्यक्ति की मौत किन कारणों से हुई है इसका खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है। मृतक की पहचान 56 वर्षीय बीएसएफ जवान देवराज पुत्र स्वर्गीय सीताराम के रूप में हुई है, जोकि बतौर सहायक उपनिरीक्षक पद पर तैनात था और छुट्टी पर श्रीनगर से घर आया हुआ था। वहीं पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया है। साथ ही धारा 174 के तहत केस दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, बीएसएफ जवान देवराज छुट्टी पर घर आया हुआ था। जब परिवार के अन्य सदस्यों के साथ वह खेतों में काम कर रहा था तभी वह अचानक बेसुध होकर नीचे गिर पड़ा। परिजनों ने उसे उठाने की काफी कोशिश की परंतु जब शरीर में कोई हरकत नहीं हुई तो वह उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की जाँच कर रही है।