Loading...

सड़कों पर बेसहारा पशुओं का जमावड़ा, आदेशों की नहीं हो रही पालना

SAPNA THAKUR • 10 Jan 2023 • 1 Min Read

HNN/ नाहन

जिला सिरमौर के नाहन और पांवटा साहिब उपमंडल में सड़कों पर घूम रहा आवारा गोवंश हादसों को न्योता दे रहा है। आए दिन सड़कों पर घूम रहे इन आवारा गोवंश को बचाने के चक्कर में वाहन चालकों को बेहद परेशानियों से गुजरना पड़ता है। कभी कभार तो इन गोवंश के चलते वाहन चालक हादसों के शिकार हो जाते हैं। जिला मुख्यालय नाहन की बात करें तो ना केवल मुख्य मार्गो पर बल्कि गलियों में भी गोवंश घूमते रहते हैं।

इसके अलावा जिला सिरमौर के साथ लगते औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब जाने वाले मार्ग पर नाहन शहर से करीब 4 किलोमीटर की दूरी पर जो बालासुंदरी गौ सदन बना है उसकी दर्जनों गाय भी नेशनल हाईवे-707 पर मटरगश्ती करती रहती है। ऐसे में प्रशासन द्वारा संचालित गौ सदन ही ऐसा लगता है मानो अपने ही आदेशों की अवहेलना कर रहा है। प्रतिदिन गौ सदन के बाहर गोवंश को सड़कों पर घूमते आसानी से देखा जा सकता है।

गौर हो कि बीते दिनों उपायुक्त रामकुमार गौतम ने जिला प्रशासन की ओर से आदेश जारी किए थे कि कोई भी व्यक्ति गोवंश को खुले में सड़कों पर नहीं छोड़ेगा यदि ऐसा करते हुए कोई व्यक्ति देखा जाता है तो प्रशासन संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्यवाही अमल में लाएगा। बावजूद इसके प्रशासन के आदेशों की कहीं पर भी पालना नहीं हो रही है। जिला के शहर ही नहीं ग्रामीण क्षेत्रों में भी आवारा पशुओं की संख्या दिनों दिन बढ़ती जा रही है।