सड़क से लुढ़क कर खाई में गिरी कार, एक की मौत, दूसरा जख्मी
HNN/ मंडी
हिमाचल में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे है। प्रदेश में आए दिन कई दर्दनाक सड़क हादसे देखने को मिल रहे है। मामला जिला मंडी के करसोग में सुरसी-वखरुडा रोड का है, यहां एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में एक युवक की जान चली गई है। इसके अलावा एक अन्य युवक बुरी तरह जख्मी हुआ हैं।
घायल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया है। मृतक युवक की पहचान पुष्प राज (25) पुत्र उदय निवासी बखरुडा के तौर पर हुई है। वहीं हादसे में मनोज कुमार पुत्र खेम सिंह घायल हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। साथ ही घटना के संदर्भ में मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, 2 लोग एक कार (एचपी 30ए-6635) में सवार होकर कहीं जा रहे थे। इस दौरान सुरसी-वखरुडा रोड पर कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई, जिसमें एक युवक की मौत हो गई।
वहीं एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे प्राथमिक उपचार के लिए सिविल अस्पताल करसोग लाया गया, जहां से उसे शिमला स्थित आईजीएमसी अस्पताल रैफर किया गया है। मामले की पुष्टि डीएसपी तिरुमलाराजू एसडी वर्मा ने की है।