Loading...

सतड़ोल में आयोजित हुआ डॉ. कर्नल धनीराम शांडिल का नागरिक अभिनंदन कार्यक्रम

SAPNA THAKUR • 16 Jan 2023 • 1 Min Read

HNN/ सोलन

सोलन विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत सतड़ोल में हिमाचल प्रदेश कोली समाज द्वारा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री हिमाचल प्रदेश डॉक्टर कर्नल धनीराम शांडिल के आगमन पर नागरिक अभिनंदन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। डॉक्टर कर्नल धनीराम शांडिल ने सतड़ोल में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि हमें देश के संविधान के निर्माता डॉक्टर भीमराव अंबेडकर द्वारा दी गई शिक्षाओं का अनुसरण करना चाहिए तथा संविधान में अपनी आस्था एवं अटूट विश्वास रखना चाहिए।

हमें जाति संप्रदाय को समाप्त करने के लिए समाज को शिक्षित करने पर विशेष बल देना चाहिए ताकि समाज में व्याप्त भेदभाव की भावना को समाप्त किया जा सके। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री हिमाचल प्रदेश डॉक्टर कर्नल धनीराम शांडिल ने मंजेश से श्मशान घाट संपर्क मार्ग के लिए 5 लाख की राशि सामुदायिक भवन सतड़ोल के पास सुरक्षा दीवार के लिए 2 लाख तथा मुख्य सड़क से हरि सिंह के मकान तक संपर्क मार्ग के लिए 2 लाख की राशि देने की घोषणा की।

हिमाचल प्रदेश कोली समाज द्वारा आयोजित नागरिक अभिनंदन कार्यक्रम करवाने वाले आयोजकों को 31 हजार की राशि अपनी ऐच्छिक निधि से देने की घोषणा की। इससे पहले स्वास्थ्य मंत्री हिमाचल प्रदेश ने मां बगलामुखी गोवंश सेवा समिति ममलीग-सतडोल के सौजन्य से आयोजित गो कथा कार्यक्रम में शिरकत की तथा कथा का श्रवण भी किया। डॉ कर्नल शांडील ने ममलीग में आयोजित कार्यक्रम में अपने सम्बोधन में कहा कि सभी के प्रति प्रेम, दया, करुणा, सहनशीलता का भाव मन में अपनाते हुए संसार को आनन्दित बनाया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि सत्संग में जब आये तो बुराईयों को छोड़कर अच्छाईयों को अपने साथ लेकर जाये और सबके लिए समदृष्टि का भाव ही अपनाये। इस अवसर पर उन्होंने गौशाला ममलीग में सुरक्षा दीवार निर्माण के लिए 5 लाख की राशि प्रदान करने की घोषणा की तथा लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को 10 दिन के भीतर कार्य आरंभ करने के निर्देश दिए।