सतलुज के तेज बहाव में बही डेढ़ वर्षीय बच्ची, तलाश जारी
HNN/ ऊना
जिला ऊना नंगल के मशहूर ऐतिहासिक बाबा उधो मंदिर के पास एक बच्ची सतलुज दरिया के तेज बहाव में बह गई। बच्ची के सतलुज में बह जाने की जानकारी तुरंत नया नंगल पुलिस और गोताखोर को दी गई, लेकिन काफी देर तक सर्च अभियान चलाने के बावजूद बच्ची का कोई सुराग नहीं लगा।
जानकारी के मुताबिक, जिला बिलासपुर के उपमंडल श्री नयनादेवी के गांव के पलसेट और हाल निवासी शिवालिक एवेन्यू, नंगल भारतभूषण और उनकी पत्नी नीलम अपनी दो बच्चियों (एक चार और दूसरी डेढ़ वर्ष) के साथ बाबा उधो मंदिर में माथा टेकने आए थे।
वह बाबा उधो मंदिर के पास सतलुज दरिया में नहाने चले गए। नीलम अपनी डेढ़ वर्ष की बेटी अनाया को दरिया में डुबकी लगवा रही थी। इस दौरान अचानक बच्ची उसके हाथों से छूट गई और बच्ची पानी के तेज बहाव में बह गई। पिता भारत भूषण भी बच्ची को बचाने के लिए सतलुज में कूदे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा।
उधर, नया नंगल पुलिस चौकी के प्रभारी सब इंस्पेक्टर सरताज सिंह ने कहा कि बच्ची को ढूंढने के लिए गोताखोर कमलप्रीत सैनी की टीम की मदद ली जा रही है, लेकिन फिलहाल बच्ची का कोई पता नहीं चल सका है।