Loading...

सतलुज नदी में नहाने उतरे दो युवकों की डूबने से मौत

PARUL • 24 May 2024 • 1 Min Read

HNN/ऊना

जिला ऊना में नंगल के गुरुद्वारा घाट साहिब के पास नहाने के लिए सतलुज नदी में उतरे दो युवकों की डूबने से मौत हो गई है। मृतकों की पहचान नंगल के वार्ड-दो निवासी विशु और गांव निक्कू नंगल के सरपंच बबरीत राणा के बेटे हर्ष राणा के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हर्ष राणा का नहाते समय पैर फिसला और सतलुज नदी में जा गिरा। उसे बचाने के लिए उसका दोस्त विशु भी नदी में कूद गया, लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि दोनों ही बह गए। हादसे की जानकारी मिलते ही पंजाब के शिक्षा मंत्री एडवोकेट हरजोत सिंह बैंस, डीएसपी मनजीत सिंह और थाना प्रभारी नंगल सब इंस्पेक्टर हरदीप सिंह मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने युवकों को ढूंढने के लिए गोताखोर बुलाए। कमलप्रीत सैनी के नेतृत्व में गोताखारों ने नदी में तलाश शुरू कर दी और कुछ देर बाद दोनों के शव ढूंढ लिए। डीएसपी ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।