Loading...

सनोरा में बड़ा हादसा टला, जीत कोच बस के अचानक ब्रेक फेल, चालक की सूझबूझ से बची दर्जनों यात्रियों की जान

Shailesh Saini • 1 Hour Ago • 1 Min Read

शिलाई से शिमला जा रही बस का प्रेशर पाइप फटा, अनियंत्रित होने पर चालक ने सड़क किनारे सुरक्षित रोकी बस

हिमाचल नाऊ न्यूज़ राजगढ़

सिरमौर जिला के राजगढ़ उपमंडल में सोमवार दोपहर सनोरा के समीप एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। शिलाई से सोलन होते हुए शिमला जा रही जीत कोच बस के अचानक ब्रेक फेल होने से कुछ देर के लिए यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

चालक की सूझबूझ और साहस से बस को सुरक्षित रोक लिया गया, जिससे दर्जनों यात्रियों की जान बच गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार बस में चलते समय तकनीकी खराबी आ गई। ब्रेक सिस्टम का प्रेशर पाइप फटने से बस के ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया और वाहन अनियंत्रित होने लगा।

स्थिति को भांपते हुए चालक ने घबराने के बजाय धैर्य का परिचय दिया और बस को सड़क किनारे सुरक्षित दिशा में मोड़कर रोक दिया। इससे बस गहरी खाई में जाने से बच गई और बड़ा हादसा टल गया।घटना के समय बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित रहे। किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।

घटना के बाद यात्रियों में दहशत का माहौल जरूर रहा, लेकिन चालक के सुरक्षित बस रोकने के बाद सभी ने राहत की सांस ली।सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने यात्रियों को बस से सुरक्षित बाहर निकालने में सहयोग किया।

घटना के कारण कुछ समय तक मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि चालक समय रहते सही निर्णय नहीं लेता तो बस गहरी खाई में गिर सकती थी और बड़ा हादसा हो सकता था।

स्थानीय लोगों ने चालक की सूझबूझ, धैर्य और साहस की सराहना करते हुए कहा कि उसकी समझदारी से कई परिवारों पर आने वाला बड़ा संकट टल गया।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस शिलाई से सोलन होते हुए शिमला की ओर जा रही थी। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

Related Topics: