समर्थ 2025 अभियान के तहत ऊना में नुक्कड़ नाटकों से लोगों को भूकंप सुरक्षित भवन निर्माण की दी जानकारी
भूकंपरोधी तकनीक और जागरूकता को लेकर जिला आपदा प्रबंधन ने चलाया विशेष अभियान
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ऊना द्वारा “समर्थ 2025” अभियान के तहत पूर्वी कला मंच, जलग्रां टब्बा के कलाकारों ने उपमंडल बंगाणा के लठियानी और थानाकलां के मुख्य बाजारों में नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए। नाटकों के माध्यम से लोगों को भूकंप सुरक्षित भवन निर्माण के महत्व और सुरक्षा उपायों के बारे में जागरूक किया गया।
भूकंपरोधी तकनीकों को अपनाना जरूरी
कलाकारों ने बताया कि भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदाओं में जान-माल के नुकसान को कम करने के लिए भवन निर्माण में भूकंपरोधी तकनीकों का उपयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि तकनीकी ज्ञान और सामूहिक प्रयास से आपदा के प्रभाव को काफी हद तक घटाया जा सकता है।
इंजीनियर की सलाह लेना जरूरी बताया गया
नाटक के दौरान लोगों को समझाया गया कि किसी भी भवन में संरचनात्मक परिवर्तन से पहले अभियंता से परामर्श अवश्य करें, ताकि भवन की मजबूती और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। कलाकारों ने क्षैतिज भूकंपरोधी बैंड, मजबूत जोड़ों (जैम्ब्स), नींव की गुणवत्ता, पिलर निर्माण और कंक्रीट के मानक अनुपात जैसी तकनीकों पर विशेष जानकारी दी।
आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय
अधिकारियों ने बताया कि समर्थ 2025 कार्यक्रम के तहत आगामी जागरूकता नाटक 21 अक्तूबर को बंगाणा और खुरवाईं, 22 अक्तूबर को चिंतपूर्णी और भंजाल, 23 अक्तूबर को अंब और नैहरियां, 24 अक्तूबर को गगरेट और शिवबाड़ी तथा 25 अक्तूबर को कुनेरन और ओईल में आयोजित किए जाएंगे। इन नाटकों के माध्यम से लोगों को भूकंप सुरक्षा के साथ आपदा जोखिमों और उपायों के बारे में जानकारी दी जाएगी।